CG News: रायपुर के डुमरतराई में नए थोक बाजार का उद्घाटन, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डुमरतराई में आधुनिक थोक बाजार फेस-2 का उद्घाटन हो गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस नए व्यापारिक परिसर का लोकार्पण करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि इस परिसर का नाम देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा. साथ ही यहां उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी.
सरदार पटेल को दी जाएगी विशेष श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी. उनके सम्मान में इस व्यापारिक परिसर का नामकरण किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात होगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होती है. बेहतर बाजार व्यवस्था से निवेश बढ़ता है, कारोबार का विस्तार होता है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि डुमरतराई का यह बाजार रायपुर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई दिशा देगा.

36 एकड़ में तैयार हुआ आधुनिक बाजार
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के पास करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इससे व्यापारियों को लंबे समय से महसूस की जा रही बेहतर बाजार व्यवस्था की जरूरत पूरी होगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर लगातार काम कर रही है. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ ईज ऑफ लिविंग को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि निवेश और आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सके.
हाउसिंग बोर्ड की भूमिका हुई और मजबूत
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है. मंडल अब राज्य में बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं को भी सफलतापूर्वक विकसित कर रहा है, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि आधुनिक थोक बाजार बनने से व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी. वहीं मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इसे प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया.
दो चरणों में तैयार हुआ बाजार
डुमरतराई थोक बाजार का निर्माण दो चरणों में किया गया है. पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए. दूसरे चरण में करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया. दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक व्यापारिक परिसर की बड़ी सौगात मिली है.
यह भी पढ़ें : CG News: PM जनमन आवास योजना से बदली सरिता बैगा की जिंदगी, पक्का घर और आर्थिक सहायता से मिली नई उम्मीद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
