CG News: नवा रायपुर में साइंस सिटी बनाने की तैयारी तेज, 7-D थिएटर से स्पेस गैलरी तक होंगे बड़े आकर्षण का केंद्र 

CG News: नवा रायपुर में साइंस सिटी बनाने की तैयारी तेज, 7-D थिएटर से स्पेस गैलरी तक होंगे बड़े आकर्षण का केंद्र

CG News: नवा रायपुर में साइंस सिटी बनाने की तैयारी तेज, 7-D थिएटर से स्पेस गैलरी तक होंगे बड़े आकर्षण का केंद्र 

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं. बुधवार को महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में विज्ञान और आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहित करने के साथ उसका लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना जरूरी है.

7-D थिएटर और स्पेस गैलरी होंगे आकर्षण

प्रस्तावित साइंस सिटी को बच्चों और युवाओं के लिए विज्ञान की दुनिया से जुड़ने का खास केंद्र बनाया जाएगा. यहां 7-D थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस गैलरी और रिन्युएबल एनर्जी पार्क जैसे आकर्षण विकसित करने की योजना है. इन सुविधाओं के जरिए विद्यार्थी केवल किताबी जानकारी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रयोगों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से विज्ञान को समझ सकेंगे.

Chhattisgarh: रायपुर में बनेगी देश की चौथी साइंस सिटी, ग्रहों और तारों को  करीब से देख पाएंगे, जीरो ग्रेविटी का भी होगा अनुभव

कॉलेज और विश्वविद्यालयों को मिलेंगी आधुनिक लैब

बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यानी सिकॉस्ट की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जोड़ने के निर्देश दिए. इससे विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं में शोध और प्रयोग करने का अवसर मिलेगा. विज्ञान केंद्र में एआई गैलरी विकसित की जा रही है. वहीं, सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा के आसपास एस्ट्रो साइंस पार्क बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह और प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.

सरकारी कामकाज में भी होगा तकनीक का इस्तेमाल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विज्ञान और तकनीक का उपयोग केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए. बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, जमीन के रिकॉर्ड और राजस्व निरीक्षण जैसे सरकारी कामों में भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाए. उन्होंने कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण विकास विभाग की जरूरतों के अनुसार तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने को कहा. इसके साथ ही युवाओं और शोधकर्ताओं को पेटेंट तथा अन्य बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में सहायता देने पर भी चर्चा हुई.

पारस पोर्टल से योजनाओं की होगी नियमित निगरानी

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक भी की. उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं की प्रगति की निगरानी केवल मंत्रालय और पोर्टल तक सीमित न रहे, बल्कि जिला स्तर पर भी नियमित समीक्षा हो. इसके लिए सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को कलेक्टरों की समय-सीमा यानी टीएल बैठक में शामिल करने को कहा गया. मुख्यमंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली. अब योजनाओं में लक्ष्य की स्थिति, काम की धीमी रफ्तार और अधूरे कार्यों की समीक्षा कलेक्टरों के स्तर पर होगी.

केंद्र की योजना में अटका साइंस सिटी का रास्ता

नवा रायपुर में साइंस सिटी बनाने की घोषणा वर्ष 2024 में की गई थी. इसके लिए सेक्टर-13 में करीब 30 एकड़ जमीन प्रस्तावित है. परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट यानी डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है. यह निर्माण केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की स्पोक योजना के तहत प्रस्तावित है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक भागीदारी होनी है. हालांकि, फिलहाल इस योजना की केंद्र स्तर पर समीक्षा चल रही है और नई गाइडलाइन तथा नियम तैयार किए जाने हैं. ऐसे में साइंस सिटी के निर्माण की आगे की प्रक्रिया केंद्र की नई व्यवस्था पर निर्भर करेगी. अब देखना होगा कि नई गाइडलाइन कब जारी होती है और छत्तीसगढ़ के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का रास्ता कब साफ होता है.

यह भी पढ़ें : CG News: संविधान गौरव दिवस पर भाजपा का आयोजन, बाबा साहेब के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर डिप्टी CM का हमला

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “CG News: नवा रायपुर में साइंस सिटी बनाने की तैयारी तेज, 7-D थिएटर से स्पेस गैलरी तक होंगे बड़े आकर्षण का केंद्र ”

Leave a Comment

और पढ़ें