Rewa News: रीवा में पंचायत घोटाले पर बड़ा एक्शन, सरपंच बर्खास्त, 3 के खिलाफ जेल वारंट
Rewa News: रीवा जिले की पंचायतों में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं पर जिला पंचायत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. त्योंथर जनपद की ग्राम पंचायत सोहागी के सरपंच को पद से बर्खास्त कर दिया गया है. वहीं, दो अन्य पंचायतों से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी किए गए हैं. शिकायतों की जांच में वित्तीय गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है.

धारा 40 के तहत सरपंच को हटाया गया
ग्राम पंचायत सोहागी के सरपंच शेषमणि मिश्र को मध्य प्रदेश पंचायती राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 40 के तहत पद से पृथक कर दिया गया है. शिकायतकर्ता राजीव कुमार दुबे की शिकायत पर गठित जांच समिति ने वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की. मामले में पंचायत सचिव मनपूर्ण प्रसाद शुक्ल को भी निलंबित कर उनका मुख्यालय जनपद पंचायत त्योंथर निर्धारित किया गया है.

बेटे को वेंडर बनाकर कराया भुगतान
जांच रिपोर्ट के अनुसार, सरपंच ने पंचायत के विकास कार्यों में अपने पुत्र आशुतोष मिश्र को वेंडर बनाया. आरोप है कि इसी माध्यम से करीब 35.17 लाख रुपये का नियमों के विपरीत भुगतान किया गया. जांच में इस प्रक्रिया को वित्तीय नियमों का उल्लंघन माना गया.
तीन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने ग्राम पंचायत देवरा कोठार के पूर्व सरपंच रावेंद्र सिंह, फरहदी के तत्कालीन सचिव राजबहोर यादव और ग्राम रोजगार सहायक नारायण प्रसाद मिश्रा के खिलाफ जेल वारंट जारी किया है. विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता और शासकीय राशि के गबन के आरोप जांच में प्रमाणित होने के बाद संबंधित लोगों को राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे. निर्धारित समय में राशि जमा नहीं होने पर पंचायत राज अधिनियम की धारा 92 के तहत कार्रवाई की गई.
पुराने मामलों में भी कार्रवाई की तैयारी
जिले में पंचायतों से जुड़े कई पुराने वित्तीय अनियमितता के मामलों में भी रिकवरी और कानूनी कार्रवाई लंबित है. प्रशासन ऐसे मामलों की समीक्षा कर रहा है, जिनमें पहले वारंट जारी होने के बावजूद कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी थी. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में बीच सड़क खूनी हमला, महिला ने लाठी से युवकों को पीटा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
