Rewa News: रीवा में वनपाल 78 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ट्रक छोड़ने के बदले मांगे थे 2 लाख रुपये
Rewa News: रीवा के सिरमौर वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल दिनेश कुमार को ट्रक छोड़ने के एवज में 78 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ट्रक चालक की शिकायत पर कार्रवाई हुई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वनपाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रीवा जिले के सिरमौर वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल को रिश्वत लेना महंगा पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस ने वनपाल दिनेश कुमार को ट्रक छोड़ने के एवज में 78 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पूर्वा फॉल के पास स्थित एक ढाबे में की गई, जहां आरोपी शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेने पहुंचा था। लोकायुक्त टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक छोड़ने के लिए मांगे थे 2 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी ट्रक चालक नीरज यादव ने 10 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को वह यूपी पासिंग ट्रक में लकड़ी लोड कर मुरादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान सिरमौर वन परिक्षेत्र के वन अमले ने ट्रक को रोककर चौकी में खड़ा करा दिया। कई दिन बीत जाने के बाद भी ट्रक नहीं छोड़ा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ट्रक छोड़ने के बदले वनपाल दिनेश कुमार ने 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

लोकायुक्त ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को पूर्वा फॉल के पास स्थित एक ढाबे पर 78 हजार रुपये लेकर बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि वनपाल को सौंपी, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई और वनपाल दिनेश कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
यह भी पढ़े: Rewa News: रीवा में बारिश बनी आफत! सड़कें बनीं तालाब, लोग हुए परेशान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |








