Rewa News: रीवा में तीन महीने बाद हत्या का खुलासा, ससुराल में गला घोंटकर युवक की हत्या, शव जमीन में दफन मिला

Rewa News: रीवा में तीन महीने बाद हत्या का खुलासा, ससुराल में गला घोंटकर युवक की हत्या, शव जमीन में दफन मिला

Rewa News: रीवा में तीन महीने बाद हत्या का खुलासा, ससुराल में गला घोंटकर युवक की हत्या, शव जमीन में दफन मिला

Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में तीन महीने से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया कि सतना जिले के रामपुर बघेलान निवासी 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव की कथित रूप से 27 मार्च को उसकी ससुराल में हत्या कर दी गई थी. आरोपी ने पहले गला घोंटकर उसकी हत्या की और फिर शव को छिपाने के लिए पहले कुएं में फेंक दिया. बाद में शव ऊपर आने पर उसे दूसरी जगह ले जाकर जमीन में दफना दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है.

विपिन कुमार यादव, मृतक। वह 26 मई को ससुराल पहुंचा था। वहां से लापता हो गया।

ससुराल जाने के बाद लापता हुआ था युवक

पुलिस के अनुसार विपिन कुमार यादव 26 मार्च को रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था. अगले दिन से उसका परिवार से संपर्क टूट गया. 28 मार्च को उसके पिता संतू यादव ने रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. शुरुआती जांच में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला.

मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को युवक की अंतिम मोबाइल लोकेशन टीकर गांव में मिली. इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और गांव के लोगों से पूछताछ की. तकनीकी जांच में मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील कुशवाहा के बीच लगातार फोन पर बातचीत होने के साक्ष्य मिले. इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

आरोपी की निशानदेही पर मिला शव

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए शव दफनाने की जगह बताई. गुरुवार को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीकर गांव में आरोपी के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास खुदाई कराई गई, जहां जमीन के अंदर दफन शव बरामद हुआ. करीब तीन महीने पुराने होने के कारण शव पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद उसने शव को एक कुएं में फेंक दिया था. लेकिन शव पानी में ऊपर आने लगा, जिससे पकड़े जाने का डर बढ़ गया. इसके बाद उसने शव को बाहर निकालकर दूसरी जगह जमीन में दफना दिया. जिस जमीन में शव दफनाया गया, उसके स्वामित्व की जांच के लिए राजस्व रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि आरोपी और मृतक की पत्नी पुलिस की हिरासत में हैं और दोनों से पूछताछ जारी है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि प्रेम-प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में तीन महीने से लापता युवक का शव जमीन में दफन मिला, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें