Rewa News: ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा’ पर नेहा सिंह राठौर का पलटवार
Rewa News: रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा’ वाले बयान पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने पलटवार किया है. नेहा सिंह राठौर ने सवाल किया, ‘एथेनॉल किसके बाप के घर से आ रहा है. सालभर पहले तक शुद्ध पेट्रोल किसके बाप के घर से आता था. एथेनॉल की मिलावट किसके बाप के कहने पर की जा रही है.’ उन्होंने आगे पूछा, ‘एथेनॉल की फैक्ट्री किसके लड़कों ने लगाई है. बोलिए.’

सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पूछा सवाल
नेहा सिंह राठौर ने सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि सांसद खुद सवाल कर रहे हैं कि शुद्ध पेट्रोल क्या उनके बाप के घर से आएगा. इसी के जवाब में नेहा ने सवाल उठाया कि एथेनॉल कहां से लाया जा रहा है और पेट्रोल में इसकी मिलावट किसके कहने पर की जा रही है. बता दें कि नेहा सिंह राठौर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान ‘यूपी में का बा’ गाने से चर्चित हुई थीं और वह अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो शेयर करती हैं.

सांसद ने दिया था शुद्ध पेट्रोल पर बयान
दरअसल, रविवार को रीवा एयरपोर्ट पर रीवा से कोलकाता और रीवा से भोपाल के लिए शुरू हुई नई उड़ान सेवाओं के कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध को लेकर तीखी टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि कई लोग कह रहे हैं कि उन्हें एथेनॉल नहीं चाहिए और शुद्ध पेट्रोल चाहिए. इसी पर सांसद ने कहा, ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा.’
80 प्रतिशत तेल बाहर से मंगाने की बात
जनार्दन मिश्रा ने कहा कि भारत में केवल 20 प्रतिशत तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल बाहर से मंगाना पड़ता है. उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद तेल के लिए 18 हजार किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है. इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात कहते हैं, तो इसका विरोध किया जा रहा है. सांसद ने एथेनॉल के समर्थन में ब्राजील का उदाहरण भी दिया और कहा कि ब्राजील सबसे अधिक एथेनॉल बनाता है तथा वहां 100 प्रतिशत गाड़ियां एथेनॉल से चल रही हैं. उनके मुताबिक वहां गाड़ियों में कोई समस्या नहीं है.
मोदी सरकार की नीतियों का किया समर्थन
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि भारत में ऑटोमोबाइल और कार शॉप चलाने वाले मैकेनिक भी कह रहे हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों को कोई समस्या नहीं है, इसके बावजूद इसका विरोध किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में अराजकता नहीं है और नरेंद्र मोदी के सुशासन की सरकार में भारत प्रगति कर रहा है. सांसद ने भारत को दुनिया का सबसे अधिक विकासशील देश बताते हुए रोजगार और महंगाई को लेकर भी दावा किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग चीन और पाकिस्तान के मंसूबों का विरोध नहीं कर रहे हैं, देश विकास की ओर आगे बढ़ रहा है और इसके पीछे केंद्र सरकार की नीतियां और नरेंद्र मोदी का सुशासन है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: 70 साल पुराने दुर्गा मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़कर नकदी ले गए चोर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
