Rewa News: रीवा में हाईवे पर बिखरी संदिग्ध कफ सिरप की शीशियां, कांग्रेस ने उठाए सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच
Rewa News: रीवा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनगवां थाना क्षेत्र के अगडल गांव के पास सड़क हादसे के बाद बड़ी संख्या में संदिग्ध कफ सिरप की शीशियां सड़क पर बिखरने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है. घटना के बाद कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.

हादसे के बाद सड़क पर बिखरीं शीशियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक कफ सिरप की पेटियां लेकर जा रहे थे. इसी दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे पेटियां सड़क पर गिर गईं और बड़ी संख्या में शीशियां हाईवे पर बिखर गईं. लोगों की भीड़ जुटती देख युवक मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शीशियों को जब्त कर जांच शुरू कर दी.
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस के नेशनल कॉर्डिनेटर कुंवर सिंह ने घटना को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि रीवा जिले में लगातार नशीली कफ सिरप और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर प्रभावी रोक लगाने में सफल नहीं हो पाया है, कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध कफ सिरप का मिलना जिले में संगठित अवैध कारोबार की ओर इशारा करता है. पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने जांच तेज की
रीवा पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों की सघन जांच और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मनगवां की घटना के बाद पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है.
जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कफ सिरप प्रतिबंधित या नशीले पदार्थ की श्रेणी में आता है या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसे कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आरोपियों की पहचान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल इस घटना ने रीवा जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर पदोन्नति की तैयारी, 48 घंटे में 20 हजार पुलिसकर्मियों को मिल सकता है प्रमोशन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
