Satna News: सोमवती अमावस्या पर चित्रकूट में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़, मंदाकिनी में लगाई आस्था की डुबकी
Satna News: ज्येष्ठ माह की सोमवती अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी चित्रकूट में सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र मंदाकिनी नदी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद भक्तों ने भगवान कामतानाथ के दर्शन कर परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।

रामघाट और परिक्रमा मार्ग पर भक्तों का रेला
रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का चित्रकूट पहुंचना शुरू हो गया था। सोमवार सुबह होते-होते रामघाट, कामतानाथ मंदिर, परिक्रमा मार्ग और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। पूरा क्षेत्र भगवान श्रीराम और कामतानाथ स्वामी के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
जिला प्रशासन के अनुसार सोमवती अमावस्या पर 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के चित्रकूट पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रामघाट, भरतघाट, परिक्रमा मार्ग और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी हुई है, संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रेमलाल कुर्वे को सौंपी गई है। उनके साथ पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा प्रबंधन में जुटे हुए हैं। जिले के 12 से अधिक थाना प्रभारी और करीब 250 पुलिस जवान मेला क्षेत्र में तैनात किए गए हैं।
घाटों पर SDERF और मोटरबोट की तैनाती
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम जीवनरक्षक उपकरणों और मोटरबोट के साथ तैनात की गई है। साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा बल भी चित्रकूट भेजे गए हैं, सोमवती अमावस्या के इस विशेष अवसर पर चित्रकूट में श्रद्धा और सुरक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रशासन की निगरानी और व्यापक इंतजामों के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्वक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा बस-ऑटो हादसे में दर्दनाक मोड़, 10 वर्षीय दीपाली ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |


