Sidhi News: सीधी में झाड़ियों में मिली एक-दो दिन की नवजात बच्ची, जिला अस्पताल में भर्ती
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. यहां कमर्जी थाना क्षेत्र के गऊघाट के पास झाड़ियों में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली. बताया जा रहा है कि बच्ची की उम्र महज एक से दो दिन थी. किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे झाड़ियों के बीच छोड़ दिया था. गनीमत रही कि समय रहते लोगों की नजर बच्ची पर पड़ गई और उसे मदद मिल सकी.
शाम 5:30 बजे सुनाई दी रोने की आवाज
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे आदर्श नाम के व्यक्ति को झाड़ियों की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की, तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी हुई दिखाई दी. मासूम को इस हालत में देखकर उन्होंने तुरंत शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे को इसकी जानकारी दी.
टीम के साथ मौके पर पहुंचे विवेक पांडे
सूचना मिलते ही विवेक पांडे अपनी टीम के सदस्यों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बिना देरी किए बच्ची को अपने वाहन से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया. रात करीब 8 बजे नवजात को अस्पताल प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने बच्ची को भर्ती कर उसकी देखभाल शुरू की, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे ने बताया कि नवजात बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल चिकित्सकीय टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि बच्ची को झाड़ियों में छोड़ने की घटना की जांच की जा सके.
बच्ची को छोड़ने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विवेक पांडे ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि नवजात बच्चियों को इस तरह सड़क या झाड़ियों में छोड़ देना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बच्ची को इस हालत में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, इस घटना ने एक बार फिर नवजात बच्चों की सुरक्षा और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल मासूम बच्ची अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में है. अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची को किसने और किन परिस्थितियों में झाड़ियों में छोड़ा था.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के रानी तालाब का होगा कायाकल्प, बसामन मामा बनेगा राष्ट्रीय मॉडल फार्म
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










