Sidhi News: सीधी में 2 डिसमिल जमीन को लेकर बढ़ा विवाद, रिटायर्ड आर्मी अधिकारी और दूसरे पक्ष ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
Sidhi News: सीधी जिले के अमरवाह गांव में महज 2 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. गुरुवार को दोनों पक्षों ने थाना जमोड़ी में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए मारपीट, धमकी, रास्ता रोकने और अभद्रता जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है.

रिटायर्ड आर्मी अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप
रिटायर्ड आर्मी अधिकारी शमशेर बहादुर सिंह का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने विवादित जमीन पर जेसीबी चलाकर उनके घर के पास खुदाई कराई, जिससे मकान में दरारें आ गईं. उनका कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले कथित अवैध रेत और मुरम कारोबार की शिकायत प्रशासन से की थी. इसके बाद से दूसरा पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा और लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है.
रास्ता बंद करने और धमकी देने का आरोप
शमशेर बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके घर तक पहुंचने का रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे परिवार को आने-जाने में दिक्कत हो रही है. उन्होंने गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं, वहीं, दूसरे पक्ष के राणा प्रताप सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए शमशेर बहादुर सिंह और उनके परिवार पर चोरी, मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घर निर्माण के लिए रखी गई लकड़ी और अन्य सामग्री उठा ली गई. विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई और लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई.
दोनों पक्ष पहुंचे थाना जमोड़ी
राणा प्रताप सिंह ने कहा कि लाइसेंसी बंदूक होने की वजह से उनके परिवार में डर का माहौल बना हुआ है. गुरुवार सुबह दोनों पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर थाना जमोड़ी पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में दोनों पक्ष कई बार थाना और तहसील कार्यालय में भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो पाया, थाना जमोड़ी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रावेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं. प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद का प्रतीत होता है. पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Satna News: बांदा दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, 710 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
