Indore News: इंदौर में मिलावटी हल्दी का कहर, शादी की रस्म में दूल्हा-दुल्हन पहुंचे अस्पताल
Indore News: शादी की खुशियों के बीच इंदौर में मिलावटी हल्दी ने कई परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। एमवाय अस्पताल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां हल्दी की रस्म के बाद दूल्हा-दुल्हन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ मरीजों को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा, जबकि एक मरीज की हालत इतनी गंभीर हुई कि उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
हल्दी लगते ही शरीर पर पड़े चकत्ते
खरगोन जिले की रहने वाली 21 वर्षीय राखी की शादी के दौरान हल्दी रस्म के कुछ देर बाद शरीर पर लाल चकत्ते निकल आए। चेहरे और होंठों पर सूजन आने लगी और सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई। परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एलर्जी रिएक्शन की पुष्टि की।

खुली और सस्ती हल्दी बनी खतरा
परिवार के मुताबिक शादी के लिए बाजार से सस्ती और खुली हल्दी खरीदी गई थी। डॉक्टरों का कहना है कि शादियों के सीजन में मिलावटखोर केमिकल युक्त हल्दी बेच रहे हैं, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।
एक हफ्ते में कई मामले सामने आए
एमवाय अस्पताल में पिछले एक हफ्ते के अंदर हल्दी एलर्जी के 4 से 5 मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार कुछ मरीजों की हालत इतनी खराब हुई कि उन्हें आईसीयू और वेंटिलेटर तक की जरूरत पड़ी।
केमिकल मिलावट से बढ़ रहा खतरा
एक्सपर्ट्स के मुताबिक हल्दी को चमकदार दिखाने के लिए ‘मेटानिल यलो’ नाम का सिंथेटिक रंग मिलाया जा रहा है। यह शरीर में गंभीर एलर्जी, सांस की समस्या और फेफड़ों पर असर डाल सकता है, डॉक्टरों का कहना है कि शादी या घरेलू उपयोग के लिए साबुत हल्दी खरीदकर घर पर पिसवाना सबसे सुरक्षित तरीका है। साथ ही भरोसेमंद ब्रांड की हल्दी ही इस्तेमाल करनी चाहिए।
ऐसे पहचानें मिलावटी हल्दी
विशेषज्ञों के अनुसार एक गिलास पानी में हल्दी डालने पर अगर वह तुरंत गहरा रंग छोड़ने लगे और ऊपर तैरने लगे, तो हल्दी मिलावटी हो सकती है। शुद्ध हल्दी नीचे बैठ जाती है और पानी हल्का पीला रहता है।
लक्षण दिखें तो तुरंत करें इलाज
हल्दी लगाने के बाद खुजली, जलन, सूजन या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत हल्दी धो लें और डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : Indore News: इंदौर में नवविवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
