Sidhi News: सीधी में गारमेंट्स दुकान में लगी भीषण आग, 20 लाख का नुकसान, शॉर्ट सर्किट की आशंका
Sidhi News: सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर एक गारमेंट्स दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

दोपहर 12 बजे अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार, पटपरा गांव में किराए की दुकान में शिवजी इंटरप्राइजेज एवं गारमेंट्स संचालित थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दुकान में अचानक आग लग गई। उस समय दुकान संचालक सत्यभान साकेत अपने घर पर थे, मकान मालिक ध्रुव नारायण सिंह ने फोन कर उन्हें आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
करीब 20 लाख का नुकसान
दुकान संचालक सत्यभान साकेत के अनुसार, इस हादसे में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के कपड़े और गारमेंट्स जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा काउंटर में रखे करीब 2 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए।
पुलिस और प्रशासन की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। वहीं, राजस्व विभाग की ओर से नुकसान का आकलन करने के लिए पटवारी और तहसीलदार को भी सूचित किया गया है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और चिंता का माहौल है, पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में सनसनीखेज वारदात: शासकीय शव वाहन का इस्तेमाल कर 6 बकरियों की चोरी, चालक गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
