MP News: रीवा न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में भोपाल में धरना, दिलीप तिवारी बोले- जमीन और पानी को जहरीला नहीं होने देंगे
MP News: भोपाल के व्यापमं चौराहे पर रविवार को रीवा में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में कांग्रेस नेता दिलीप तिवारी अपने साथियों के साथ धरने पर बैठे. उन्होंने आशंका जताई कि परमाणु प्लांट से पर्यावरण, जल और जमीन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव स्थानीय लोगों की सेहत पर भी पड़ने की चिंता है. तिवारी ने कहा कि वे अपनी जान देने को तैयार हैं, लेकिन अपनी जमीन और पानी को जहरीला नहीं होने देंगे. उन्होंने सरकार से मांग की कि प्लांट लगाने के बजाय क्षेत्र में रोजगार के दूसरे अवसर विकसित किए जाएं.

24 दिनों से आंदोलन, छह दिन से जल सत्याग्रह
दिलीप तिवारी ने बताया कि प्रस्तावित प्लांट के खिलाफ क्षेत्र में पिछले 24 दिनों से आंदोलन चल रहा है. आंदोलनकारियों के समर्थन में विंध्य के लोग भोपाल में भी धरना दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि छह दिनों से जल सत्याग्रह जारी है और वे खुद भी इसमें दो दिन शामिल रहे. तिवारी के मुताबिक, वे 17 अक्टूबर को सत्याग्रह शुरू होने के दिन मौके पर मौजूद थे. उन्होंने आंदोलन के दौरान आदिवासी महिला विमला कोल की मौत पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी और आरोप लगाया कि घटना के बाद शासन-प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर हालात देखने तक नहीं पहुंचा. उनका कहना था कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए अनहोनी की आशंका लगातार जताई जा रही थी, फिर भी प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया.
विकास योजनाओं और रोजगार को लेकर सरकार पर सवाल
तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार अच्छी औद्योगिक और विकास योजनाएं बड़े नेताओं या उद्योगपतियों की जमीन पर लाती है, जबकि पर्यावरण, जल, जमीन और बच्चों के भविष्य पर नुकसान की आशंका वाले प्रोजेक्ट गरीब आदिवासियों की जमीन पर लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि रीवा में पहले से पानी की कमी है, जमीनें बंजर हैं और किसान व युवा रोजगार के लिए परेशान हैं. गुढ़ में लगाए गए सोलर प्लांट का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि उस समय स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन किसी युवा को रोजगार नहीं मिला. आज भी लोग काम की तलाश में दूसरे जिलों और शहरों की ओर जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विंध्य में रोजगार के अन्य साधन विकसित किए जा सकते हैं, लेकिन वे परमाणु प्लांट के पक्ष में नहीं हैं.
रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने रीवा जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं और लापरवाही के मामले सामने आते रहते हैं. उन्होंने जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित करने, कुत्ते के काटने पर सांप के काटने वाला इंजेक्शन लगाए जाने जैसी घटनाओं और गर्भवती महिलाओं की मौत के मामलों का जिक्र किया. तिवारी ने कहा कि जब सरकार मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक से नहीं संभाल पा रही है और अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाओं के बजाय केवल इमारतें नजर आती हैं, तो न्यूक्लियर प्लांट से जुड़ी किसी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी. उन्होंने आशंका जताई कि प्लांट से क्षेत्र के लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं.
सीएम हाउस में धरने की चेतावनी
दिलीप तिवारी ने विमला कोल की मौत के मामले में शासन-प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए दूसरे कारणों का सहारा लिया जा रहा है. तिवारी ने चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान आगे किसी की जान जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी. उन्होंने बताया कि रीवा में जल सत्याग्रह के साथ आमरण अनशन भी जारी है और रविवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी आंदोलन में शामिल हुए. तिवारी ने कहा कि यदि आंदोलन के दौरान किसी और की जान गई, तो वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर धरना देंगे. उनकी मांग है कि क्षेत्र की जमीन, पानी और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट पर पुनर्विचार किया जाए.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में कोदई खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोग बीमार, दो मासूम बच्चों की हालत नाजुक
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: रीवा न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में भोपाल में धरना, दिलीप तिवारी बोले- जमीन और पानी को जहरीला नहीं होने देंगे”