MP News: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी बैठक, खड़गे के घर जुटेंगे मध्य प्रदेश के दिग्गज नेता
MP News: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक को आगामी राज्यसभा चुनाव और पार्टी की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खड़गे के आवास पर होगी अहम चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल होंगे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है।

राज्यसभा चुनाव पर बन सकती है रणनीति
हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नाम और पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जा सकता है। 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
तीन सीटें हो रही हैं खाली
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होना है। वर्तमान सांसद जॉर्ज कुरियन, दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में है, विधानसभा में संख्या बल के आधार पर भाजपा दो सीटों पर मजबूत स्थिति में है, लेकिन तीसरी सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सभी दलों की नजर बनी हुई है।
कांग्रेस में कई नाम चर्चा में
कांग्रेस की ओर से संभावित उम्मीदवारों में जीतू पटवारी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, मीनाक्षी नटराजन और सज्जन वर्मा के नाम चर्चा में हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह पहले ही दोबारा राज्यसभा जाने की इच्छा नहीं जता चुके हैं। वहीं सज्जन वर्मा ने कहा है कि यदि पार्टी मौका देती है तो वे चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।
बैठक पर टिकी राजनीतिक नजरें
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली में होने वाली यह बैठक सिर्फ राज्यसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की आगामी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर भी चर्चा हो सकती है। अब सभी की नजर इस बैठक से निकलने वाले फैसलों पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का नाम बदलने की तैयारी तेज, कार्यपरिषद ने ‘वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय’ के प्रस्ताव को दी मंजूरी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
