Satna News: CDS परीक्षा पास कर सेना में लेफ्टिनेंट बने आशुतोष पांडेय, IMA देहरादून से पूरी की ट्रेनिंग
Satna News: सतना जिले के पूर्वी संतनगर (बगहा) निवासी 24 वर्षीय आशुतोष पांडेय ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया है।

IMA देहरादून से पूरी की सैन्य ट्रेनिंग
आशुतोष ने प्रतिष्ठित इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA), देहरादून में 18 माह का कठोर सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आयोजित पासिंग आउट प्रक्रिया के साथ वे भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल हो गए। उनकी उपलब्धि पर परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
माता-पिता ने लगाए कंधों पर स्टार
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद आयोजित ‘पाइपिंग सेरेमनी’ परिवार के लिए भावुक और गर्व से भरा पल साबित हुई। इस अवसर पर पिता आरएस पांडेय और माता गिरजा पांडेय ने अपने बेटे के कंधों पर स्टार लगाकर उसे सेना के अधिकारी के रूप में देश सेवा के लिए विदा किया। समारोह के दौरान परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी, लेफ्टिनेंट बनने के बाद आशुतोष पांडेय की पहली नियुक्ति भारतीय सेना की प्रतिष्ठित सिख लाइट रेजीमेंट में हुई है। अब वे देश की सुरक्षा और सेवा की जिम्मेदारी निभाएंगे। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।
नाना से मिली सेना में जाने की प्रेरणा
आशुतोष के सेना में जाने के सपने को आकार देने में उनके नाना स्वर्गीय राजेश्वर मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजेश्वर मिश्र भारतीय सेना की ईएमई शाखा में सेवाएं दे चुके थे। उनके जीवन और कार्यों से प्रेरित होकर आशुतोष ने भी सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और उसे मेहनत के बल पर हासिल किया।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
आशुतोष एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता आरएस पांडेय अकाउंटेंट हैं, जबकि माता गिरजा पांडेय गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, आशुतोष पांडेय की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो देश सेवा का सपना देखते हैं। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आज पूरा क्षेत्र उनकी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
यह भी पढ़ें : MP News : मुरैना रेल हादसा : एक अफवाह ने छिनी चार लोगो की जान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |


