Sidhi News: भंवरसेन घाट हादसे में 4 की मौत, 24 घंटे बाद रेस्क्यू अभियान हुआ पूरा
Sidhi News: सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर हुए दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDERF) ने करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन लापता लोगों के शव नदी से बरामद कर लिए। इससे पहले एक युवती का शव सोमवार को ही मिल चुका था।

24 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया। मंगलवार को कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लापता लोगों के शव नदी से बाहर निकाले गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मौके पर मौजूद रही, घटना की गंभीरता को देखते हुए सीधी जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की निगरानी की और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। मैहर जिले से आए युवक-युवतियों का एक समूह भंवरसेन घाट पर पिकनिक मनाने पहुंचा था। नहाने के दौरान चार लोग नदी के गहरे पानी और भंवर में फंस गए, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ज्योति सेन (24 वर्ष), सुभि सेन (15 वर्ष) और नीलू बैस (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ा बाउर गांव के निवासी थे। चौथे मृतक लखन केवट (26 वर्ष) राजगढ़ जिले के घोगटपुर गांव के रहने वाले थे।
सूचना मिलते ही पहुंचा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर नैकिन थाना पुलिस, खड्डी चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। सोमवार को एक शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिला था, जबकि बाकी तीन लोगों की तलाश जारी थी।
रेस्क्यू अभियान हुआ समाप्त
मंगलवार को तीनों शवों के बरामद होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया। प्रशासन ने हादसे को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है, घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में नदी, जलाशयों और भंवर वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : Satna News: CDS परीक्षा पास कर सेना में लेफ्टिनेंट बने आशुतोष पांडेय, IMA देहरादून से पूरी की ट्रेनिंग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |


