Satna News: बांदा दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, 710 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
Satna News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा में 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 235 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था, विकास और बुंदेलखंड के बदलते स्वरूप को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. साथ ही विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा.

भू-माफिया और डकैतों पर सख्त संदेश
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतकर सत्ता में आते हैं, तो व्यापारी सुरक्षित नहीं रहेंगे, सम्मानित लोगों की जमीनों पर कब्जा होगा और गरीबों का भी उत्पीड़न किया जाएगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार न तो भेदभाव करती है और न ही तुष्टिकरण की राजनीति पर चलती है. सरकार उपद्रव, गुंडागर्दी और कर्फ्यू की संस्कृति को स्वीकार नहीं करती.

बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर दिया बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती. जो लोग कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, उन्हें पहले चेतावनी दी जाती है और अगर वे नहीं मानते, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है.
चित्रकूट में कामतानाथ की परिक्रमा
बांदा पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में भगवान कामतानाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. उन्होंने बरहा हनुमान मंदिर में दर्शन किए और करीब 5 किलोमीटर लंबी कामदगिरि परिक्रमा पैदल पूरी की. इस दौरान उन्होंने बंदरों को चना खिलाया, श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और कई स्थानों पर लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा की.
बुंदेलखंड के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ साल पहले बुंदेलखंड की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी. क्षेत्र में पलायन, डकैतों का आतंक और भू-माफियाओं का दबदबा था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज बुंदेलखंड बेहतर सड़क, रेल और अन्य विकास परियोजनाओं से जुड़ चुका है.
विपक्ष पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके हाथों में तमंचे थमा दिए थे. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार डिफेंस कॉरिडोर विकसित कर रही है, जहां ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों का निर्माण हो रहा है, कामतानाथ परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं से मुलाकात की और कामदगिरि पर्वत की आरती में शामिल हुए. दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवनदास महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री का चित्रकूट से विशेष लगाव है और उनका नियमित रूप से यहां आकर परिक्रमा करना उनकी गहरी आस्था का प्रतीक है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में पंचायत घोटाले पर बड़ा एक्शन, सरपंच बर्खास्त, 3 के खिलाफ जेल वारंट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
