MP News: मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ जबलपुर एक्सप्रेस का बदला ठहराव, 28 जुलाई से भोपाल स्टेशन की जगह निशातपुरा से संचालन
MP News: भोपाल से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 28 जुलाई से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है. अब मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव भोपाल रेलवे स्टेशन की जगह निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर होगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार शाम 4.30 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे, इसके साथ ही यहां से नियमित यात्री सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी.

तीन साल बाद शुरू होगा निशातपुरा स्टेशन का संचालन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन जून 2023 में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था. अब सभी जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. इसके साथ ही निशातपुरा भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा.
इन ट्रेनों का बदलेगा ठहराव
भोपाल रेल मंडल के अनुसार, शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा. इसके बाद इन दोनों ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज खत्म कर दिया जाएगा. रेलवे ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों से समय पर निशातपुरा स्टेशन पहुंचने की अपील की है, मालवा एक्सप्रेस मध्य प्रदेश से माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है. स्टेशन बदलने के फैसले के बाद कई यात्रियों ने चिंता जताई है. यात्रियों का कहना है कि नए स्टेशन तक पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है, साथ ही यात्रा खर्च भी बढ़ सकता है.
ट्रैफिक और किराए की परेशानी
यात्रियों के अनुसार, निशातपुरा स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्तों पर कई बार ट्रैफिक का दबाव रहता है. नादरा बस स्टैंड और छोला रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों से होकर गुजरना पड़ता है. ऐसे में समय पर ट्रेन पकड़ना चुनौती बन सकता है. वहीं ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का किराया भी बढ़ सकता है, रेलवे अधिकारियों का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा. वर्तमान में भोपाल स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में ट्रेनों और यात्रियों का संचालन होता है. नए स्टेशन के शुरू होने से भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं.
रेलवे को मिलेगा परिचालन में फायदा
रेलवे के अनुसार, कुछ ट्रेनों को भोपाल स्टेशन पर इंजन बदलने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ता है, जिससे मुख्य और लूप लाइनें व्यस्त रहती हैं. निशातपुरा स्टेशन के उपयोग से परिचालन व्यवस्था बेहतर होगी और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु हो सकेगी. स्टेशन को एनएसजी 3 श्रेणी में शामिल किया गया है, जहां यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
यह भी पढ़ें : MP News: MP में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए मौसम का नया अपडेट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
