Rewa News: रीवा के गुढ़ में शराब दुकान का घेराव, ग्रामीणों का प्रदर्शन, 15 दिन में नहीं हटी तो आमरण अनशन की चेतावनी
Rewa News: रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम दुआरी में संचालित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध अब खुलकर सामने आ गया है. स्कूल और अनुसूचित जाति-जनजाति बस्ती के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण दुकान के बाहर एकत्र हुए. ग्रामीणों ने दुकान का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और तत्काल दुकान हटाने की मांग उठाई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया.

शराबियों के जमावड़े से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के बाहर सुबह से देर रात तक शराब पीने और खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है. इससे महिलाओं, छात्र-छात्राओं और स्थानीय परिवारों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि दुकान के आसपास अक्सर गाली-गलौज, विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं होती हैं, जिससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है.
नाबालिग से शराब बिकवाने का आरोप
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि 29 जुलाई की रात अनुसूचित जाति परिवार के एक नाबालिग से शराब की बिक्री कराई गई. विरोध करने पर दुकान संचालक और उसके सहयोगियों द्वारा धमकाने और मारपीट कराने का भी आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, मोबाइल कॉल डिटेल और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है.
नियमों के उल्लंघन का आरोप
ग्रामीणों की ओर से अजीत साकेत और बाबूलाल कोल ने आरोप लगाया कि शराब दुकान स्कूल और अनुसूचित जाति-जनजाति बस्ती के बेहद करीब संचालित की जा रही है, जो निर्धारित नियमों के विरुद्ध है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो दुकान हटाई गई और न ही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई.
15 दिन का अल्टीमेटम, जांच के निर्देश
ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा. मामले की शिकायत कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को भी दी गई है. कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने कहा है कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है, जांच के लिए टीम भेजी गई है और सभी समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल की बड़ी पहल, रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव की उठाई मांग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










