MP News: पानी मिला पेट्रोल बेचने की शिकायत पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. तेज बारिश के बीच सोमवार को ग्राहकों ने दो पेट्रोल पंपों पर पानी मिला पेट्रोल मिलने की शिकायत करते हुए हंगामा किया. मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम दोनों जगह पहुंची और जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान दोनों पेट्रोल पंपों को सील कर दिया गया.

नमूने जांच के लिए भेजे गए
प्राथमिक जांच में सामने आया कि पुरानी पाइपलाइनों के जरिए बारिश का पानी पेट्रोल में मिल रहा था. हालांकि पेट्रोल में पानी मिलने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. विभाग की टीम ने दोनों पंपों से पेट्रोल के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं. वहीं पंप संचालकों की ओर से 100 से ज्यादा ग्राहकों को करीब 19 हजार रुपए वापस किए गए हैं.
अशोकागार्डन के पेट्रोल पंप पर हंगामा
अशोकागार्डन के पुष्पा नगर स्थित फैम पेट्रोल पंप पर सोमवार को ग्राहक दोपहिया वाहनों में पेट्रोल भराने पहुंचे थे. पेट्रोल डलवाने के कुछ समय बाद कई वाहन रास्ते में बंद हो गए. इसके बाद पेट्रोल को बोतल में निकालकर जांच की गई तो उसमें करीब आधा पानी और आधा पेट्रोल दिखाई दिया. इसके बाद ग्राहकों ने पंप पर हंगामा किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया.
जहांगीराबाद में भी सामने आई शिकायत
जहांगीराबाद स्थित BPCL के राजधानी पंप पर भी पानी मिला पेट्रोल देने की शिकायत मिली. सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंप का निरीक्षण किया. टीम ने यहां से पेट्रोल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं. पंप संचालक ने करीब 70 ग्राहकों से पेट्रोल वापस लेकर उन्हें लगभग 10 हजार रुपए लौटाए हैं.
रिपोर्ट के बाद सामने आएगी असली वजह
फिलहाल खाद्य विभाग ने दोनों पेट्रोल पंपों को सील कर दिया है और सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि पेट्रोल में पानी किस वजह से मिला और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है. बारिश के दौरान हुई इस घटना के बाद पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ें : MP News: लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
