MP News: लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
MP News: मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से बारिश का सिलसिला लगातार बना हुआ है. राजधानी भोपाल के आसपास के क्षेत्रों में करीब 48 घंटे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है. लगातार बारिश से नदी और नाले उफान पर हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. स्थिति को देखते हुए भोपाल और आगर-मालवा में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है.
![]()
भोपाल में बारिश का सबसे ज्यादा असर
भोपाल में भारी बारिश के चलते हालात सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. इससे पहले 10 अगस्त को भी राजधानी के सभी स्कूलों में बारिश के कारण अवकाश घोषित किया गया था. पिछले 24 घंटे में भोपाल में करीब 7 इंच बारिश दर्ज होने से निचले इलाकों और कई कॉलोनियों में पानी भर गया. सीहोर, शाजापुर, विदिशा, मंडला और राजगढ़ में भी बारिश का असर दिखाई दिया. राजगढ़ के ब्यावरा रेलवे अंडरपास में पानी भरने से करीब 25 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ.
बांध और जलाशयों का बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश का असर प्रदेश के जलाशयों पर भी नजर आ रहा है. जोहिला बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है. भोपाल के कलियासोत और केरवा बांध के साथ सीहोर के कोलार बांध में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. भोपाल के बड़े तालाब का पानी भी करीब तीन फीट ऊपर पहुंच गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों के पास जाने से बचें.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक नीमच, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में भारी बारिश की चेतावनी है. वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासतौर पर नदी, नाले और पानी से भरे रास्तों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है. जिन इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है, वहां लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले समय में भी बारिश जारी रह सकती है.
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, 1757 करोड़ से बदलेगी सड़क की तस्वीर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
