MP News: मध्य प्रदेश में दो दिन बाद फिर शुरू हुई खाद की बिक्री, यूरिया समेत सभी उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक
MP News: मध्य प्रदेश के किसानों के लिए राहत की खबर है. दो दिन तक बंद रहने के बाद आज 17 अगस्त से प्रदेशभर में उर्वरकों की बिक्री और वितरण फिर शुरू कर दिया गया है. सरकार ने स्टॉक के सत्यापन के चलते 15 और 16 अगस्त को खाद की बिक्री पर रोक लगाई थी. इस दौरान भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और खाद विक्रेताओं के पास मौजूद वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया.

स्टॉक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी
कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, खाद के स्टॉक का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है. इसके बाद अब किसानों को पहले की तरह खाद उपलब्ध कराई जाएगी. विभाग का कहना है कि इस फैसले से प्रदेश के 82 लाख से ज्यादा किसानों को राहत मिलेगी. इस साल खाद की उपलब्धता पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर बताई जा रही है.
4.21 लाख टन यूरिया उपलब्ध
कृषि सचिव निशांत वरवड़े के अनुसार, 1 अप्रैल से अब तक मध्य प्रदेश में 17.04 लाख टन यूरिया उपलब्ध कराया गया है. इसमें से 12.83 लाख टन यूरिया किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 4.21 लाख टन का स्टॉक अभी मौजूद है. पिछले साल इसी अवधि में प्रदेश के पास सिर्फ 1.60 लाख टन यूरिया उपलब्ध था.
DAP, NPK और SSP का भी स्टॉक
डीएपी और एनपीके की कुल उपलब्धता इस अवधि में 11.20 लाख टन रही, जिसमें से 7.09 लाख टन किसानों को वितरित किया जा चुका है. फिलहाल करीब 4.10 लाख टन डीएपी और एनपीके उपलब्ध है. वहीं सिंगल सुपर फॉस्फेट यानी एसएसपी का कुल स्टॉक 6.78 लाख टन रहा, जिसमें से 3.61 लाख टन वितरित हो चुका है और करीब 3.17 लाख टन अभी उपलब्ध है.
20 अगस्त से चलेगा विशेष अभियान
कृषि विभाग के मुताबिक, खाद की बिक्री पर रोक 14 अगस्त की शाम 7 बजे से लागू की गई थी, ताकि केंद्र सरकार के पोर्टल और विक्रेताओं के रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक का मिलान किया जा सके. सत्यापन पूरा होने के बाद 17 अगस्त से बिक्री सामान्य कर दी गई है. वहीं 20 अगस्त से प्रदेश में हर किसान, हर घर, हर खेत खाद अभियान शुरू किया जाएगा. विभाग का दावा है कि पर्याप्त स्टॉक के चलते खरीफ सीजन में किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर बड़ी परेशानी नहीं होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें : MP News: श्रावण के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का दुर्लभ संयोग, उज्जैन में महाकाल के दर्शन को उमड़ी भीड़
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
