MP News: श्रावण के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का दुर्लभ संयोग, उज्जैन में महाकाल के दर्शन को उमड़ी भीड़
MP News: श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के विशेष संयोग पर उज्जैन में भक्तों का उत्साह चरम पर है. प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात से ही कतार में खड़े नजर आए. मंदिर के पट रात करीब 2:30 बजे खोले गए, जिसके बाद तड़के 3 बजे बाबा महाकाल की भस्म आरती शुरू हुई. हजारों श्रद्धालुओं ने इस विशेष आरती के दर्शन किए.

पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ विशेष श्रृंगार
श्रावण सोमवार और नाग पंचमी के संयोग को देखते हुए बाबा महाकाल की भस्म आरती में विशेष पूजा-अर्चना की गई. आरती से पहले भगवान का जल से स्नान कराया गया और पंचामृत से अभिषेक किया गया. दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का भांग और चंदन से आकर्षक श्रृंगार किया गया. इसके बाद भगवान को नए वस्त्र धारण कराए गए.

भस्म आरती में गूंजा शंखनाद
श्रृंगार और पूजन के बाद बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई. इसके बाद झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भस्म आरती संपन्न हुई. विशेष पर्व होने के कारण मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा. श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए.
साल में सिर्फ एक दिन खुलते हैं नागचंद्रेश्वर के पट
महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर विराजमान भगवान नागचंद्रेश्वर के मंदिर के पट वर्ष में केवल नाग पंचमी के अवसर पर खोले जाते हैं. मान्यता है कि यह मंदिर साल में सिर्फ 24 घंटे भक्तों के लिए खुलता है और बाकी 364 दिन बंद रहता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार नागराज तक्षक की साधना में व्यवधान न हो, इसलिए यहां साल में एक बार ही दर्शन की परंपरा है.
शाम को निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी
श्रावण और भाद्रपद मास के सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी निकलने की परंपरा है. इसी क्रम में सोमवार शाम उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी निकाली जाएगी. मान्यता है कि राजा महाकाल सवारी के रूप में नगर भ्रमण कर अपनी प्रजा का हाल जानने निकलते हैं. सवारी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क के दोनों ओर घंटों इंतजार करते हैं और बाबा महाकाल की एक झलक पाने को अपना सौभाग्य मानते हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: नाग पंचमी पर रीवा के शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, महामृत्युंजय मंदिर में उमड़ी भीड़
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
