MP News: सीधी में डबरी में डूबे 2 मासूम, एक ही परिवार के बच्चों की मौत से मातम
MP News: सीधी जिले के सेमरिया क्षेत्र के हस्तिनापुर गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. पुलिस चौकी बम्हनी क्षेत्र में डबरी में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. पंकज केवट उम्र 13 वर्ष और अर्पित केवट उम्र 8 वर्ष घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर डबरी पहुंचे थे. नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

दोपहर में मिली खबर
परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चे रविवार सुबह करीब 11:30 बजे घर से निकले थे. उनके साथ एक और बच्चा था, जो कुछ समय बाद उनसे अलग हो गया. दोनों मासूम बिना बताए डबरी की ओर चले गए थे. दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों को बच्चों के डूबने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए. एक ही परिवार के दो बच्चों की एक साथ मौत से घर में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटना की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. बताया गया कि बच्चों के पिता मजदूरी के लिए गांव से बाहर गए थे, जबकि घटना के समय मां खेत में धान लगाने का काम कर रही थीं.
नहाने गए थे या मछली पकड़ने, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि दोनों बच्चे डबरी में नहाने गए थे या मछली पकड़ने के लिए वहां पहुंचे थे. सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि दोनों बच्चों को डबरी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने भी मौत की पुष्टि की. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
प्रयागराज में किया गया अस्थि विसर्जन
रविवार को दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसे देखकर पूरे गांव की आंखें नम हो गईं. मंगलवार को परिजन प्रयागराज पहुंचे और गंगा घाट पर दोनों बच्चों की अस्थियों का विसर्जन किया. परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि घटना के बाद पंचायत स्तर से मिलने वाली सहायता राशि अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुई है. हादसे के बाद ग्रामीणों ने परिवार को जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा खुलासा, CBI ने दाखिल की 636 पेज की चार्जशीट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
