MP News: भोपाल में वायु प्रदूषण पर NGT का बड़ा निर्देश, हर महीने की एयर क्वालिटी रिपोर्ट होगी पेश
MP News: भोपाल में वायु प्रदूषण और पर्यावरण प्रबंधन से जुड़े मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सख्ती दिखाई है. एनजीटी की सेंट्रल जोन बेंच ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भोपाल नगर निगम से वर्ष 2019 से अब तक की वायु गुणवत्ता का विस्तृत रिकॉर्ड मांगा है. मामले की अगली सुनवाई सितंबर में होगी.

नगर निगम की रिपोर्ट पर उठे सवाल
सुनवाई के दौरान भोपाल नगर निगम ने अपने पिछले आदेश के पालन में अनुपालन रिपोर्ट पेश की. निगम ने दावा किया कि उसे मिली और आवंटित राशि का पर्याप्त इस्तेमाल किया गया है. हालांकि, रिपोर्ट के आंकड़ों की समीक्षा के बाद एनजीटी ने इस दावे पर सवाल उठाए. वर्ष 2024-25 में करीब 12.44 करोड़ रुपये यानी कुल निधि का 21.18 प्रतिशत ही खर्च होने की बात सामने आई.
खर्च का पूरा ब्यौरा नहीं मिलने पर आपत्ति
एनजीटी ने पाया कि वर्ष 2025-26 में निधि के इस्तेमाल को लेकर रिपोर्ट में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. वहीं वर्ष 2023-24 में किए गए कार्यों का भी पर्याप्त विवरण सामने नहीं आया. सुनवाई के दौरान आवेदक पक्ष ने नगर निगम की अनुपालन रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों और दावों पर आपत्तियां दर्ज कराईं. इन आपत्तियों को लिखित रूप में दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है.
2019 से हर महीने की एयर क्वालिटी रिपोर्ट मांगी
अधिकरण ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को वर्ष 2019 से वर्तमान समय तक भोपाल की वायु गुणवत्ता का विस्तृत स्टेटस चार्ट पेश करने का निर्देश दिया है. इसमें हर महीने की एयर क्वालिटी का अलग-अलग विवरण देना होगा. साथ ही प्रदूषण मापने वाले अलग-अलग मानकों और पैरामीटर के आंकड़े भी प्रस्तुत करने होंगे.
मानकों और वास्तविक स्थिति की होगी तुलना
एनजीटी ने अनुमेय वायु गुणवत्ता मानकों का भी अलग चार्ट पेश करने को कहा है, ताकि निर्धारित सीमा और वास्तविक वायु गुणवत्ता की तुलना की जा सके. अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे सुनवाई होगी. इस मामले की अगली सुनवाई सितंबर में प्रस्तावित है.
यह भी पढ़ें : MP News: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 में MP के दो शिक्षक चयनित, 5 सितंबर को मिलेगा सम्मान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
