Sidhi News: सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल जा रही 10 साल की बच्ची की मौत, भाई गंभीर
Sidhi News: सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सपही बांध के पास तेज रफ्तार बस और ऑटो की भिड़ंत में स्कूल जा रहे तीन बच्चे घायल हो गए. हादसे में 10 वर्षीय सगुन साकेत की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका 8 वर्षीय भाई वस्तिक साकेत गंभीर रूप से घायल है. तीसरी बच्ची सुरभि साकेत को भी चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है.
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सपही गांव निवासी सुखेंद्र साकेत के दोनों बच्चे सोमवार सुबह ऑटो से सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी के लिए निकले थे. उनके साथ मलखम गांव की 6 वर्षीय सुरभि साकेत भी ऑटो में सवार थी. बताया गया कि करीब दोपहर 1 बजे सपही बांध के पास पोखरा से सीधी की ओर जा रही पवन कोच बस ने ऑटो को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
भाई की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायल बच्चों को निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया. इलाज के दौरान सगुन ने दम तोड़ दिया. वहीं उसके छोटे भाई वस्तिक की हालत गंभीर बनी हुई है. परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद वह काफी देर तक बेहोश रहा और करीब तीन घंटे तक उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. तीसरी बच्ची सुरभि को मामूली चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है.
रक्षाबंधन से पहले परिवार पर टूटा दुख
रक्षाबंधन के पर्व से ठीक पहले हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. एक तरफ बेटी की मौत और दूसरी तरफ बेटे की गंभीर हालत ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है. हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. वहीं हादसे के बाद ऑटो चालक भी वाहन छोड़कर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में 75 साल पुरानी चौरसिया बिल्डिंग ढहाई गई, जर्जर हिस्से से बढ़ा था खतरा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
