Rewa News: रीवा में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, इलाज पर उठे सवाल, अस्पताल गेट पर परिजनों का प्रदर्शन
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित गांधी मेमोरियल अस्पताल में पहली डिलीवरी के दौरान 25 वर्षीय महिला कल्पना मिश्रा की मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों ने जिम्मेदार डॉक्टरों और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है.

मदद मांगते हुए वीडियो सामने आया
महिला की मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर अस्पताल के वार्ड से बाहर निकलकर रोते हुए मदद मांगती दिखाई दे रही है. वीडियो में महिला इलाज को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए परिजनों से उसे बचाने की गुहार लगाती नजर आती है. परिजनों का कहना है कि वीडियो के कुछ घंटे बाद ही महिला की मौत हो गई.
नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई
मामले के बाद नर्सिंग स्टाफ साधना वर्मा और सीमा मुजालदे को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, परिजन ड्यूटी डॉक्टर सोनल अग्रवाल पर भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. परिजनों ने महिला की मौत के पीछे इलाज में लापरवाही और एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा दिए जाने की आशंका जताई है. हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पहली डिलीवरी के लिए हुई थी भर्ती
मृतका के चाचा धर्मेंद्र मिश्रा के मुताबिक, कल्पना मिश्रा की शादी बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के हटवा में हुई थी और यह उनकी पहली डिलीवरी थी. उन्हें मंगलवार को गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. प्रसव के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ती गई और गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पिता रामशरण मिश्रा ने डॉक्टरों पर समय पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है.
अस्पताल ने लापरवाही से किया इनकार
कल्पना के पिता ने मामले में FIR दर्ज करने और जिम्मेदार डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि महिला का इलाज चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया और डॉक्टरों की ओर से कोई लापरवाही नहीं हुई. फिलहाल परिजनों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 किलो गांजा और पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
