CG News: कांकेर के नक्सल प्रभावित गांव में रात 10 बजे कलेक्टर ने लगाई चौपाल, जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं
CG News: कांकेर के कभी घोर नक्सल प्रभावित रहे अंदरूनी इलाकों में अब बदलाव की तस्वीर दिखाई देने लगी है. नक्सल गतिविधियों का असर कम होने के बाद पहली बार कलेक्टर कुंदन कुमार और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी देर रात करीब 10 बजे कोयामुरी पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की. कभी जहां सरकारी अमले की पहुंच चुनौतीपूर्ण मानी जाती थी, वहां प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद की यह पहल अहम मानी जा रही है.

पुस्तकालय में शिक्षा की पहल देखकर खुश हुए कलेक्टर
दिन में कलेक्टर कुंदन कुमार ने ग्राम सोड़े स्थित ‘बिदिया केतुल’ पुस्तकालय का निरीक्षण किया. दूरस्थ वनांचल में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित इस पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की. ग्रामीणों ने पुस्तकालय परिसर में आहाता निर्माण और सोलर लाइट की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक पहल का भरोसा दिया. इस दौरान धान पंजीयन, एग्रीस्टैक और लैम्प्स के जरिए खाद-बीज वितरण की जानकारी भी ली गई.

रात में ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
कोयलीबेड़ा क्षेत्र से लौटते समय कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ कोयामुरी के सामाजिक स्कूल एवं बूम होर्रकुल बिदिया केतुल परिसर पहुंचे. यहां ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, गायता, पटेल, मांझी और सामाजिक पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई. आदिवासी परंपरा के अनुसार अधिकारियों का स्वागत किया गया. इसके बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे उनकी समस्याएं जानीं. बच्चों ने भी बेझिझक होकर जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की मांग रखी, जिस पर जल्द निशुल्क कोचिंग शुरू करने की जानकारी दी गई.

स्वास्थ्य और शिक्षा को दी प्राथमिकता
कलेक्टर ने ग्रामीणों को संस्थागत प्रसव, सिकल सेल जांच, मलेरिया से बचाव, टीकाकरण और सुपोषण के प्रति जागरूक किया. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को गांवों में नियमित जांच करने और महिलाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. बैठक में ग्रामीणों और सामाजिक पदाधिकारियों ने स्कूल, सड़क, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, रोजगार और पुल-पुलिया से जुड़ी मांगों के आवेदन भी सौंपे. कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा.
हिंसा के दौर से विकास की ओर बढ़ता गांव
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि शासन अब ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान पर काम कर रहा है. उन्होंने शिक्षा को विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि लंबे समय तक हिंसा और पिछड़ेपन का सामना करने वाले क्षेत्रों में नई पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य तैयार किया जाएगा. उन्होंने सामाजिक पदाधिकारियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर नजर रखने की अपील की. देर रात तक चली यह चौपाल कांकेर के अंदरूनी क्षेत्र में बदलते माहौल और प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच बढ़ते भरोसे की तस्वीर पेश करती नजर आई.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर को मिल सकता है 3500 करोड़ तक का फंड, सीवेज-ड्रेनेज सिस्टम होगा मजबूत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
