Rewa News: कल्पना मिश्रा मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, अभय मिश्रा और सुखेंद्र सिंह बन्ना ने रखा मौन व्रत
Rewa News: रीवा के सिरमौर चौक पर कल्पना मिश्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे आमरण अनशन के चौथे दिन शनिवार को कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा और पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना धरना स्थल पर पहुंचे. दोनों नेताओं ने आंदोलन में शामिल सैकड़ों लोगों के साथ बैठकर अपना समर्थन जताया और मौन व्रत रखकर विरोध दर्ज कराया. नेताओं के पहुंचने के बाद आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिला.

दोषी डॉक्टरों पर FIR की मांग
धरना दे रहे लोगों ने कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज करने की मांग की. इसके साथ ही संबंधित डॉक्टरों का मेडिकल लाइसेंस रद्द करने और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई. आंदोलनकारियों का कहना है कि सिर्फ जांच और निलंबन से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा और जिम्मेदार लोगों पर आपराधिक कार्रवाई जरूरी है.
![]()
इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
कल्पना मिश्रा की मौत के बाद उनके परिजन और सामाजिक संगठन लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण कल्पना और उसके नवजात बच्चे की जान चली गई. इस मामले में डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है.
निलंबन के साथ कई स्तर पर जांच जारी
मामले में संबंधित डॉक्टर को निलंबित किया जा चुका है. घटनाक्रम की जांच के लिए पहले पांच सदस्यीय टीम बनाई गई थी, जिसमें बाद में बदलाव किया गया. जांच टीम ने जरूरी दस्तावेज और सैंपल जुटाए हैं तथा जांच से संबंधित जानकारी के लिए भोपाल भी गई है. इसके अलावा मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और शासन स्तर पर गठित टीम भी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
मृतका के परिजनों और आंदोलनकारियों का कहना है कि डॉक्टरों का निलंबन और जांच की प्रक्रिया पर्याप्त नहीं है. उनकी मांग है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले. कांग्रेस नेताओं ने भी मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक आमरण अनशन जारी रहेगा और उनका संदेश है, “जब तक न्याय नहीं, तब तक विश्राम नहीं.”
यह भी पढ़ें : Rewa News: रात 12 बजे हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, मंदिरों में गूंजे जयकारे और दिखी भक्ति की धूम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
