CG News: ग्रामीण गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक होगा घरेलू सिलेंडर
CG News: रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत दी गई है. अब ग्रामीण उपभोक्ता भी शहरी क्षेत्रों की तरह सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद नई बुकिंग करा सकेंगे. इससे उन परिवारों को खास फायदा होगा, जहां गैस की खपत अधिक रहती है. पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 45 दिनों का अंतर निर्धारित किया गया था.
रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हजारों सिलेंडरों की बुकिंग
खाद्य विभाग के मुताबिक रायपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में घरेलू गैस कनेक्शन हैं. यहां से हर दिन करीब 2 से 3 हजार सिलेंडरों की बुकिंग होती है. वहीं रायपुर शहर में रोजाना औसतन 5 से 6 हजार सिलेंडर बुक किए जाते हैं और करीब 4 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से की जाती है. बुकिंग अवधि घटने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी मांग और बुकिंग का आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

45 दिन की पाबंदी से हो रही थी परेशानी
गैस आपूर्ति को लेकर बनी परिस्थितियों के बीच तेल कंपनियों ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतर 45 दिन कर दिया था. इसका सबसे ज्यादा असर बड़े परिवारों और उन घरों पर पड़ा, जहां शादी या अन्य बड़े आयोजन होते हैं. ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू जरूरत पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अब बुकिंग अवधि घटाकर 25 दिन किए जाने से उन्हें समय पर दूसरा सिलेंडर बुक कराने की सुविधा मिलेगी.
सरकार के निर्देश के बाद बदला नियम
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री ने सोमवार को जानकारी दी कि घरेलू रसोई गैस की बुकिंग अवधि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में 25 दिन करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार का यह फैसला गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार को देखते हुए लिया गया है. नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश पेट्रोलियम विपणन कंपनियों को दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी अब शहरी उपभोक्ताओं के समान बुकिंग सुविधा मिलेगी.
नए कनेक्शन पर रोक अभी जारी
बुकिंग की अवधि कम होने के बावजूद नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने पर लगी रोक फिलहाल बरकरार है. रायपुर जिले में बड़ी संख्या में लोग नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें दूसरे स्थानों से आकर किराए के मकानों में रहने वाले लोग भी शामिल हैं. खाद्य नियंत्रक रायपुर भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन में सिलेंडर बुक करने का आदेश मिल गया है, लेकिन नए कनेक्शन को लेकर अभी कोई नया निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है.
यह भी पढ़ें : CG News: राशन कार्डधारियों को सितंबर और अक्टूबर का चावल एक साथ मिलेगा, 30 सितंबर तक वितरण
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










