Rewa News: कल्पना मिश्रा मामले में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान झड़प, विक्रांत भूरिया की आंख में चोट
Rewa News: रीवा में कल्पना मिश्रा की मौत के मामले को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. अग्रसेन चौराहे पर चल रहे धरने से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सिरमौर चौराहे की ओर बढ़ रहे थे. रास्ते में बैरिकेडिंग के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी शुरू हो गई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास पहुंचे और उसे हटाने या तोड़ने की कोशिश करने लगे. पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. झड़प में झाबुआ विधायक और कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया की आंख में चोट लगने की जानकारी सामने आई है.
विक्रांत भूरिया ने पुलिस पर लगाया आरोप
झड़प में घायल विक्रांत भूरिया ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, “मैं मना करता रहा, लेकिन पुलिस ने मेरी आंख में डंडे से मारा। मेरी आंख फोड़ने की कोशिश की गई।” कांग्रेस नेता के आरोप के बाद प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है.
9वें दिन पिता की हालत बिगड़ी
कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय और कार्रवाई की मांग को लेकर उनके पिता की भूख हड़ताल गुरुवार को नौवें दिन भी जारी रही. सिरमौर चौराहे पर अनशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजनों के मुताबिक, कमजोरी बढ़ने के कारण अब वे ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे हैं और लेटकर अनशन कर रहे हैं. उनकी हालत खराब होने के कारण बातचीत करने में भी परेशानी हो रही है. परिजनों ने कहा कि न्याय मिलने तक अनशन जारी रहेगा.
जीतू पटवारी ने पिता से की मुलाकात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को रीवा पहुंचे और सबसे पहले अग्रसेन चौराहे पर चल रहे धरने में शामिल हुए. इसके बाद उन्होंने सिरमौर चौराहे पर पहुंचकर कल्पना मिश्रा के पिता से मुलाकात की और उनके अनशन की जानकारी ली. झड़प के बाद पटवारी ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे. उन्होंने राज्यपाल और मुख्य सचिव से मुलाकात करने की बात भी कही. कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: लक्ष्मणबाग और चिरहुला मंदिर में अब प्लास्टिक की प्लेट-गिलास से नहीं होगा भंडारा, आदेश जारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
