Rewa News: 4.5 करोड़ खर्च कर बना हाईटेक स्विमिंग पूल, संचालन के लिए नहीं मिल रहा ठेकेदार

Rewa News: 4.5 करोड़ खर्च कर बना हाईटेक स्विमिंग पूल, संचालन के लिए नहीं मिल रहा ठेकेदार

Rewa News: 4.5 करोड़ खर्च कर बना हाईटेक स्विमिंग पूल, संचालन के लिए नहीं मिल रहा ठेकेदार

Rewa News: रीवा शहर के सिविल लाइन स्थित मिहिरसेन स्विमिंग पूल के संचालन को लेकर नगर निगम की मुश्किलें बढ़ गई हैं. करीब 4.5 करोड़ रुपए खर्च कर तरणताल का जीर्णोद्धार कराया गया, लेकिन अब इसकी जिम्मेदारी लेने के लिए कोई ठेकेदार सामने नहीं आ रहा है. निगम ने पहली बार टेंडर जारी किया था, लेकिन किसी एजेंसी ने रुचि नहीं दिखाई. इसके बाद दूसरी बार निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है.

अब निजी हाथों में सौंपने की तैयारी में जुटा निगम।

तीन दशक पुराने तरणताल को दिया गया नया स्वरूप

मिहिरसेन तरणताल करीब तीन दशक पहले तैयार किया गया था. समय के साथ इसकी स्थिति खराब हो गई, जिसके बाद नगर निगम ने इसके नवीनीकरण का काम कराया. यहां सामान्य स्वीमिंग पूल के साथ डाइविंग पूल भी विकसित किया गया है. इस तरह की सुविधा प्रदेश में भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी उपलब्ध है. रीवा इस सुविधा वाला प्रदेश का चौथा शहर बना है. हालांकि, आधुनिक सुविधाओं के बावजूद इसका संचालन निगम के लिए आर्थिक चुनौती बना हुआ है.

हर महीने 3 लाख खर्च

तरणताल के रखरखाव और संचालन के लिए नगर निगम ने चार कर्मचारियों को तैनात किया है, जो दो पालियों में काम करते हैं. इस व्यवस्था पर हर महीने लगभग 3 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं, जबकि स्विमिंग पूल से होने वाली आमदनी एक लाख रुपए से भी कम है. इस तरह नगर निगम को हर महीने 2 लाख रुपए से ज्यादा का घाटा उठाना पड़ रहा है. खर्च का बोझ कम करने के लिए अब निगम निजी एजेंसी को संचालन की जिम्मेदारी सौंपना चाहता है.

अब निजी हाथों में सौंपने की तैयारी में जुटा निगम।

स्विमिंग पूल में कोच की भी व्यवस्था नहीं

मिहिरसेन तरणताल को रीवा की तैराकी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, लेकिन फिलहाल यहां तैराकी सिखाने के लिए प्रशिक्षित कोच उपलब्ध नहीं है. वर्ष 1990 में रीवा के तैराकों ने नालों और तालाबों में अभ्यास कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था. इसके बाद खेल प्राधिकरण की ओर से रीवा को इस तरणताल की सौगात दी गई थी. अर्जुन अवार्डी कैप्टन बजरंगी प्रसाद की परिकल्पना से जुड़े इस तरणताल को नगर निगम के सुपुर्द किया गया था.

हाईटेक सुविधाएं मौजूद

जीर्णोद्धार के बाद 8 जून 2026 को मिहिरसेन तरणताल को दोबारा आम लोगों के लिए खोला गया था. यहां ऑटोमैटिक फिल्टर सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा रात में भी तैराकी की व्यवस्था है. महिलाओं के लिए शाम 5 से 6 बजे तक विशेष समय निर्धारित किया गया है. यहां मासिक पंजीयन शुल्क 3 हजार रुपए और एक दिन के लिए 100 रुपए तय किया गया है. इसके बावजूद तरणताल में आने वाले लोगों की संख्या कम बनी हुई है, तरणताल दोबारा शुरू होने के बाद यहां 54वीं मध्यप्रदेश स्टेट एक्वेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन भी किया जा चुका है. इसके बाद भी नियमित संचालन, तैराकी प्रशिक्षण और आमदनी बढ़ाने की समस्या दूर नहीं हुई है. अब नगर निगम ने दूसरी बार निविदा जारी की है. देखना होगा कि इस बार कोई निजी एजेंसी संचालन की जिम्मेदारी लेने के लिए आगे आती है या नहीं.

यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा-मऊगंज में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, क्रेशर और खदान संचालकों को 7 दिन का नोटिस

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें