CG News: जशपुर में देश का अनोखा हेलमेट बैंक शुरू, CM साय ने किया उद्घाटन

CG News: जशपुर में देश का अनोखा हेलमेट बैंक शुरू, CM साय ने किया उद्घाटन

CG News: जशपुर में देश का अनोखा हेलमेट बैंक शुरू, CM साय ने किया उद्घाटन

CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है. दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से हेलमेट बैंक की शुरुआत की गई है. बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस लाइन जशपुर में फीता काटकर इस सुविधा का उद्घाटन किया. इस बैंक में शुरुआती तौर पर 1000 हेलमेट रखे गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद नागरिक अस्थायी रूप से इस्तेमाल के लिए ले सकेंगे.

जरूरत पड़ने पर पुलिस देगी हेलमेट

हेलमेट बैंक की खास बात यह है कि जिन लोगों के पास किसी जरूरी काम से बाहर जाने के दौरान हेलमेट उपलब्ध नहीं होगा, वे पुलिस से हेलमेट लेकर अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे. आर्थिक रूप से कमजोर लोग, जो फिलहाल हेलमेट खरीदने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा. काम पूरा होने के बाद नागरिक हेलमेट पुलिस को वापस कर सकेंगे. इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा से जुड़ी किसी छोटी जनसेवा गतिविधि में भाग लेकर दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना होगा.

CM साय ने लोगों से की सुरक्षा नियमों के पालन की अपील

हेलमेट बैंक के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों को हेलमेट वितरित किए. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए. मुख्यमंत्री ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा के साथ परिवार की जिम्मेदारी को भी ध्यान में रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.

बिना हेलमेट मिलने पर जब्त हो रहे वाहन

जशपुर पुलिस ने हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने के लिए कार्रवाई और जागरूकता दोनों का रास्ता अपनाया है. पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित वाहन जब्त किया जा रहा है. वाहन मालिक नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद दिखाता है, तो बिना चालान किए वाहन वापस किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना है.

स्कूल-कॉलेज और गांवों तक पहुंचेगा सड़क सुरक्षा अभियान

हेलमेट बैंक के साथ जिले में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. इसके तहत हेलमेट रैलियां आयोजित की जा रही हैं और स्कूल-कॉलेजों, साप्ताहिक बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है. पुलिस नागरिकों को समझाइश दे रही है कि बाइक चलाने वाले के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है. इसके अलावा तेज रफ्तार से बचने, नशे में वाहन नहीं चलाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जा रही है.

गुजरात परेड से लौटे पुलिस मितानों से भी मिले CM

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होकर लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से मुलाकात की. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. वहीं, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हेलमेट बैंक में उपलब्ध 1000 हेलमेट जरूरतमंद नागरिकों को अस्थायी रूप से दिए जाएंगे. पुलिस ने इस पहल को ‘हर हेड में हो हेलमेट’ अभियान से जोड़ा है. इसका लक्ष्य जिले के प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या कम करना है.

यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर में CM साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना, आपातकाल से लेकर वोट चोरी के आरोपों पर घेरा

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “CG News: जशपुर में देश का अनोखा हेलमेट बैंक शुरू, CM साय ने किया उद्घाटन”

Leave a Comment

और पढ़ें