Rewa News: रोझौही न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में आदिवासियों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, राहुल गांधी को रीवा आने का न्योता
Rewa News: रीवा के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर आदिवासियों का विरोध लगातार जारी है. 9 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे ग्रामीणों के बीच बुधवार देर रात मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे. वे कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल से सीधे चिता आंदोलन कर रहे ग्रामीणों के पास गए और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित परमाणु बिजली परियोजना का विरोध करते हुए आदिवासियों के अधिकारों का मुद्दा उठाया.
राहुल गांधी को रीवा आने का न्योता
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से रीवा आने की अपील की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यहां पहुंचकर आदिवासी परिवारों की परेशानियां और उनका संघर्ष करीब से समझना चाहिए. पटवारी ने आरोप लगाया कि सिंगरौली, सतना, सीधी, रीवा, शहडोल और अनूपपुर सहित विंध्य के कई जिलों में आदिवासी अपनी जमीन और अधिकारों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं.

जमीन अधिग्रहण और विस्थापन को लेकर विरोध
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि विकास परियोजनाओं के नाम पर आदिवासियों की जमीनें ली जा रही हैं और निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है. वहीं ग्रामीणों की मुख्य चिंता प्रस्तावित परियोजना से खेती, जलस्रोत, पर्यावरण और आजीविका पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर है. उनका कहना है कि परियोजना आगे बढ़ने पर कई परिवारों को अपनी पुश्तैनी जमीन छोड़नी पड़ सकती है.
9 अक्टूबर से जारी है आंदोलन
रोझौही और सरई कला क्षेत्र में परियोजना के शुरुआती सर्वे और जमीन की जांच के लिए बोरिंग मशीनें पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू किया था. 9 अक्टूबर से आसपास के गांवों के लोग लगातार आंदोलन कर रहे हैं. ग्रामीणों ने ग्रामसभा में परियोजना के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया है. इसके साथ ही जमीन से जुड़े अनापत्ति प्रमाण पत्रों की जांच कराने की मांग भी उठाई है.
चिता आंदोलन के जरिए जता रहे नाराजगी
अपनी मांगों को लेकर ग्रामीण चिता आंदोलन कर रहे हैं. उनका कहना है कि क्षेत्र के आदिवासी परिवारों की आजीविका खेती और जंगलों पर निर्भर है. ऐसे में परियोजना से उनके पारंपरिक जीवन और प्राकृतिक संसाधनों पर असर पड़ सकता है. इससे पहले जल सत्याग्रह के दौरान विमला कोल की मौत का मामला भी आंदोलन से जुड़ा रहा, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया.
अभी परियोजना के लिए जमीन आवंटित नहीं
इस पूरे मामले पर प्रशासन का कहना है कि न्यूक्लियर पावर प्लांट के निर्माण के लिए फिलहाल जमीन आवंटित नहीं की गई है. शुरुआती स्तर पर केवल जमीन की उपयुक्तता और परियोजना की व्यवहार्यता जांचने के लिए परीक्षण की अनुमति दी गई थी. हालांकि ग्रामीण इस प्रक्रिया का भी विरोध कर रहे हैं. जीतू पटवारी के आंदोलन स्थल पहुंचने और राहुल गांधी को रीवा आने का न्योता देने के बाद यह मुद्दा अब राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सिलपरा नहर में लापता जुड़वा भाइयों की तलाश तीसरे दिन भी जारी, SDRF चला रही रेस्क्यू अभियान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: रोझौही न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में आदिवासियों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, राहुल गांधी को रीवा आने का न्योता”