Rewa News: सिलपरा नहर में लापता जुड़वा भाइयों की तलाश तीसरे दिन भी जारी, SDRF चला रही रेस्क्यू अभियान
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा में सिलपरा नहर में डूबकर लापता हुए जुड़वा भाइयों अंशु सेन और प्रांशु सेन की तलाश लगातार जारी है. गुरुवार को हादसे का तीसरा दिन है, लेकिन अब तक दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका है. SDRF की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. दूसरी ओर परिवार के लोग अपने दोनों बेटों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

एक भाई को बचाने के लिए दूसरे ने भी लगा दी छलांग
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई गोविंदगढ़ क्षेत्र के पोड़की गांव के निवासी थे और रीवा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. मंगलवार शाम ट्यूशन के बाद वे अपने दोस्तों के साथ सिलपरा नहर पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक एक भाई नहर में गिर गया. उसे डूबता देखकर दूसरे भाई ने भी उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी. लेकिन नहर में तेज बहाव होने के कारण दोनों पानी में बह गए और लापता हो गए. इस घटना के बाद इलाके में चिंता और शोक का माहौल है.
मंगलवार से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों की तलाश शुरू की. मंगलवार शाम से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन बुधवार को भी जारी रहा. नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को तीसरे दिन भी SDRF के जवान लगातार अलग-अलग हिस्सों में दोनों भाइयों की तलाश कर रहे हैं.

नहर का पानी बंद कराने की मांग
रेस्क्यू अभियान में देरी और नहर का पानी बंद नहीं कराए जाने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को रीवा-गोविंदगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था. उनका कहना था कि नहर में पानी का तेज बहाव होने से दोनों किशोरों की तलाश में परेशानी आ रही है. प्रदर्शन के चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ. बाद में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाया तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ.
तीसरे दिन भी नहर में उतरी SDRF
SDRF कमांडर विकास पांडेय के मुताबिक, टीम लगातार दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई है. गुरुवार को भी नहर में रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया है. हादसे के तीन दिन बीत जाने के बाद भी दोनों भाइयों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है. परिजन और ग्रामीण रेस्क्यू टीम से लगातार जानकारी ले रहे हैं. फिलहाल सभी की नजरें तलाश अभियान पर टिकी हैं और परिवार को अपने दोनों बेटों के मिलने का इंतजार है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के चिल्ड्रेन मेडिकल सेंटर में लगी आग, अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला गया
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: सिलपरा नहर में लापता जुड़वा भाइयों की तलाश तीसरे दिन भी जारी, SDRF चला रही रेस्क्यू अभियान”