Rewa News: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला भी जाम में फंसे, अब अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
Rewa News: रीवा शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था अब आम लोगों के साथ-साथ वीआईपी काफिलों के लिए भी परेशानी का कारण बन गई है. 24 नवंबर को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का काफिला भी शहर के जाम में फंस गया. हालात ऐसे बने कि उन्हें अपनी गाड़ी से उतरकर पैदल आगे जाना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई.

सड़कों पर उतरा पूरा प्रशासन
घटना के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सक्रियता दिखाई. जिला कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतरा. नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन प्रमुख स्थानों की पहचान की गई, जहां प्रतिदिन वाहनों का दबाव अधिक रहता है और जाम की स्थिति बनती है.
अतिक्रमण करने वालों पर नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों द्वारा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया. इसके अलावा यातायात में बाधा बनने वाले फूड जोन, शॉपिंग मॉल और मल्टी स्टोरी इमारतों की भी जांच की गई. सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले अस्थायी निर्माणों को हटाने और ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को भी अभियान में शामिल किया है. प्रमुख पार्किंग क्षेत्रों में किए गए अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है, ताकि वाहन सड़क पर खड़े होने के बजाय निर्धारित स्थानों पर पार्क किए जा सकें. प्रशासन का मानना है कि पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
एक सप्ताह में सुधार का दावा
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से तकनीकी और कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि, इस अभियान से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा. साथ ही दावा किया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर रीवा की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होने लगेगी.
अब व्यवस्था सुधरने का इंतजार
उपमुख्यमंत्री का काफिला जाम में फंसने के बाद शुरू हुआ यह अभियान शहरवासियों के लिए उम्मीद लेकर आया है. हालांकि, रीवा की सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को कितनी राहत मिलती है, यह प्रशासन की कार्रवाई और उसके निरंतर क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा. अब देखना होगा कि एक सप्ताह में यातायात सुधारने का प्रशासन का दावा कितना पूरा होता है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: छात्रावास की बदहाली से भड़के छात्र, परीक्षा छोड़ पहुंचे कलेक्ट्रेट, शिकायत सुनते ही अधीक्षक निलंबित
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
