CG News: छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा का बड़ा विस्तार, 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज और 250 MBBS सीटों को मिली मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, एनएमसी, ने राज्य के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालित करने की मंजूरी दे दी है. इन कॉलेजों के शुरू होने से प्रदेश में 250 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ेंगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है.

इन पांच जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
एनएमसी की मंजूरी के अनुसार, गीदम, दंतेवाड़ा, कुनकुरी, जशपुर, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले नए शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे. इन संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा का विस्तार कर अधिक से अधिक युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर देना है. उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों से छात्रों को प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी.
दूरस्थ क्षेत्रों में मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा और जशपुर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज खुलने से स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी. इसके साथ ही क्षेत्रीय अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी. सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बेहतर इलाज की सुविधा विकसित होगी, राज्य सरकार के अनुसार, नए मेडिकल कॉलेज केवल एमबीबीएस की पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेंगे. इन्हें चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय मानव संसाधन विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार और विशेषज्ञ सेवाओं के नए अवसर भी बढ़ेंगे.
केंद्र सरकार का जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा में पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री साय ने बताया लोकसंस्कृति की अमर पहचान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










