CG News: इंदौर में PM मोदी की मिमिक्री पर सियासी घमासान, CM साय ने सोशल मीडिया पर किया इशारों में हमला
CG News: इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज और हाव-भाव की नकल की थी. इस एक्ट के बाद बीजेपी नेताओं की ओर से आपत्ति जताई गई.

CM साय ने पोस्ट के जरिए साधा निशाना
मामले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में राहुल गांधी के कार्यक्रम या मिमिक्री का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया. सीएम साय ने लिखा, ‘माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है, माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है.’ इसके आगे उन्होंने मां के सम्मान और अपमान को लेकर अपनी बात रखी. सीएम का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया.
कार्यक्रम में कॉमेडियन ने की PM मोदी की मिमिक्री
दरअसल, राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया था. इसी दौरान कॉमेडियन पुलकित मणि ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली, हाव-भाव और उनके कुछ चर्चित वाक्यांशों की नकल की. एक्ट के दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे और वीडियो में उन्हें हंसते हुए देखा गया. इसके बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया.
बुजुर्ग महिला से जुड़े प्रसंग पर भी विवाद
मिमिक्री के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की एक पुरानी रैली के प्रसंग का भी जिक्र किया गया. इसमें एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाने की घटना को एक्ट का हिस्सा बनाया गया था. बीजेपी नेताओं ने इसी हिस्से सहित पूरे कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए हैं. वहीं, इस मामले को लेकर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
CM मोहन यादव ने भी जताई नाराजगी
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्ट को शर्मनाक, निंदनीय और अशोभनीय बताया. सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि युवाओं के सामने गलत दिशा रखने का प्रयास किया गया. इस पूरे मामले के बाद इंदौर के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में खुलेंगे 7 नए रजिस्ट्री कार्यालय, जमीन-मकान की रजिस्ट्री के लिए नहीं लगानी होगी लंबी लाइन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










