CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की तैयारी, निलंबित शिक्षकों की होगी समीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग नई पहल की तैयारी कर रहा है. विभाग प्रदेशभर में निलंबित 800 से अधिक शिक्षकों के मामलों की समीक्षा करेगा. समीक्षा के बाद जो शिक्षक नियमों के अनुसार पात्र पाए जाएंगे, उनकी बहाली पर विचार किया जाएगा और जरूरत वाले स्कूलों में उनकी पदस्थापना की जा सकती है.

शिक्षा मंत्री ने ली अधिकारियों की बैठक
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने हाल ही में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता समेत कई मुद्दों पर चर्चा की. बैठक में निलंबित शिक्षकों के प्रकरण, अटैचमेंट व्यवस्था और स्कूलों में शिक्षकों की जरूरत जैसे विषयों की समीक्षा की गई. विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना है, विभाग उन सरकारी स्कूलों पर विशेष ध्यान देने की तैयारी में है, जहां युक्तियुक्तकरण के बाद केवल एक शिक्षक रह गया है या विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले शिक्षकों की कमी बनी हुई है. ऐसे स्कूलों की जिला स्तर पर सूची तैयार कराई जा रही है. इसके आधार पर पात्र शिक्षकों की बहाली और पदस्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है.
हर निलंबन मामले की होगी जांच
800 से ज्यादा निलंबित शिक्षकों में सभी मामलों को एक जैसा नहीं माना जाएगा. विभाग प्रत्येक शिक्षक के निलंबन के कारण और वर्तमान स्थिति की अलग-अलग समीक्षा करेगा. गंभीर आरोपों वाले शिक्षकों, विभागीय जांच का सामना कर रहे कर्मचारियों और न्यायालय में लंबित मामलों पर विशेष सावधानी के साथ निर्णय लिया जाएगा, विभाग का मकसद शिक्षकों की कमी को दूर करना है, लेकिन बहाली का फैसला संबंधित मामलों की स्थिति और नियमों के आधार पर ही किया जाएगा. पात्र पाए जाने वाले शिक्षकों को जरूरत वाले स्कूलों में पदस्थ करने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकने में मदद मिल सकती है. आने वाले समय में समीक्षा के बाद यह स्पष्ट होगा कि कितने शिक्षकों की बहाली का रास्ता खुलता है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगेंगी प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें, सफाई व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
