CG News: शहीद चंद्रशेखर आजाद समिति मनाएगी स्वर्ण जयंती, श्रीलंका के मंदिर की थीम पर सजेगा पंडाल
CG News: बिलासपुर के तेलीपारा में दुर्गोत्सव की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं. शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति इस साल अपने गठन के 50वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और स्वर्ण जयंती को यादगार बनाने की तैयारी है. वर्ष 1977 से आयोजित हो रहे इस दुर्गोत्सव की पहचान हर साल भव्य प्रतिमा, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनी हुई है. इस बार आयोजन को खास बनाने के लिए समिति ने करीब 1.5 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है.
श्रीलंका के मंदिर की थीम पर बनेगा पंडाल
स्वर्ण जयंती के मौके पर माता रानी की भव्य प्रतिमा बंगाल के प्रसिद्ध मूर्तिकार गणेश पाल चांपा में तैयार कर रहे हैं. वहीं पंडाल निर्माण का काम करीब दो महीने पहले ही शुरू हो चुका है. कोलकाता से आए टेंट संचालक और कलाकार पंडाल को विशेष स्वरूप दे रहे हैं. इस बार पंडाल का अंदरूनी डिजाइन श्रीलंका के भद्रकाली अम्मन मंदिर की थीम पर आधारित होगा. दोनों तरफ 80-80 फीट ऊंचे प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जिन पर भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की करीब 20-20 फीट ऊंची प्रतिमाएं द्वारपाल के रूप में दिखाई देंगी.

चंदननगर की तर्ज पर जगमगाएगा पूरा रास्ता
तेलीपारा से लेकर दुर्गा पंडाल तक पूरे मार्ग को कोलकाता के चंदननगर की प्रसिद्ध लाइटिंग शैली में सजाने की तैयारी है. आकर्षक रोशनी से सजा यह रास्ता रात के समय श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा. माता रानी का भव्य आगमन 12 अक्टूबर को शोभायात्रा के साथ होगा. शोभायात्रा में पुणे का डीजे और ऑर्केस्ट्रा, दुर्ग की धुमाल पार्टी, शहर की बैंड पार्टी, बस्तर का मांडरी बाजा और गेड़ी नृत्य, कोरबा का कर्मा बाजा और मुंगेली का राउत बाजा शामिल रहेगा.
झांकियों और कलाकारों से सजेगी शोभायात्रा
माता रानी के आगमन के दौरान कई आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी. इनमें बिलासा देवी की प्रतिमा, शिव-पार्वती की झांकी, राधा-कृष्ण का रथ और रावण वध की प्रस्तुति शामिल रहेगी. इसके अलावा मुंगेली से स्टंट ग्रुप बुलाया गया है, जो शोभायात्रा में अलग-अलग करतब दिखाएगा. बालोदाबाजार से भी विशेष मनोरंजन कार्यक्रम होंगे, जबकि शहडोल से तात्या बिच्छू की प्रस्तुति रखी गई है. माता रानी के स्वागत में पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य आयोजन किया जाएगा.
जागरण, मेला और भंडारे का भी रहेगा आयोजन
माता रानी की गंगा आरती के बाद उन्हें पंडाल में प्रवेश कराया जाएगा. बस स्टैंड के पास फन वर्ल्ड मेले की भी तैयारी है, जहां बच्चों के लिए जबलपुर के कलाकार विशेष हॉरर हाउस तैयार करेंगे. 12 अक्टूबर की रात छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध गायिका अल्का चंद्राकर का विशेष जागरण कार्यक्रम होगा, जिसमें 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. पूरे नवरात्रि रोजाना शाम 8 बजे से रात 12 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन प्रस्तुतियां होंगी, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी.
यह भी पढ़ें : CG News: सरकारी स्कूलों को मिलने वाली राशि की जांच तेज, प्राचार्यों और हेडमास्टरों से मांगा जा रहा रिकॉर्ड
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
