MP Cabinet Meeting: सहकारी चुनाव एक साल के लिए टले, जानिए कैबिनेट के बड़े फैसले
MP Cabinet Meeting: मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ा दिए गए हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. सरकार ने नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया को देखते हुए यह फैसला लिया है. चूंकि पैक्स के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए अब बैंक चुनाव भी पैक्स चुनाव के बाद ही कराए जाएंगे. कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने इन फैसलों की जानकारी दी.

9 बैंकों को मिलेगी पूंजी
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई है. पिछले साल 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी प्राप्त करने वाले छह बैंकों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे. इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर शामिल हैं. वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी.

दिसंबर में चिंतन शिविर
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो वर्षों की रणनीति तैयार करने के लिए दिसंबर में दो महत्वपूर्ण आयोजन होंगे. 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आठ सत्र होंगे. इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा. इसमें वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी. वहीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें अनुपूरक बजट और कई शासकीय संकल्प पेश किए जाएंगे.

खनिज से 30 हजार करोड़ का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने खनिज रॉयल्टी से होने वाली आमदनी को बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. वर्तमान में खनिज रॉयल्टी से करीब 12,170 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने की योजना है. इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा. पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण होगा. नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

46,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा का विस्तार करने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है. इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 मजरों और टोलों के करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी. इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार दोनों की हिस्सेदारी रहेगी. वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों का विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी. इसके साथ ही ओंकारेश्वर की 2,424 करोड़ रुपये की एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है. इसका मुख्य काम आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य है. मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफे भी बनाए जाएंगे, जहां विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा. जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं.

2027 होगा युवा वर्ष
मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा. इसके तहत मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी एमपीपीएससी की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी. इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है. वहीं भोपाल के नाथू बरखेड़ा में एक हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ हो चुका है. दूसरी ओर ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में नवंबर तक 25 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की जा चुकी है और निवेश के लिए 40 नए आवेदन मिले हैं. स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां भी हो चुकी हैं.

वैक्सीनेशन में 100% लक्ष्य
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में मध्यप्रदेश ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है. इसके अलावा देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने वाली गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी जारी रखने का फैसला लिया गया है. इस योजना के तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है. कैबिनेट के इन फैसलों में सहकारिता, ग्रामीण बिजली, खनिज, पर्यटन, उद्योग और युवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे शामिल रहे.
यह भी पढ़ें : MP Politics: निर्मला सप्रे को महेश राय का मजेदार तंज, जानिए क्या है पूरा मामला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










