MP News: उज्जैन में मानवता की मिसाल, बेटे की मौत के बाद बहू का पुनर्विवाह कराया, ससुर ने पिता बनकर किया कन्यादान
MP News: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है. यहां एक परिवार ने बेटे के निधन के बाद अपनी विधवा बहू का पुनर्विवाह कराकर समाज के सामने नई मिसाल पेश की है. इतना ही नहीं, बहू को बेटी का दर्जा देते हुए उसके ससुर ने पिता की भूमिका निभाई और स्वयं कन्यादान किया.
कैंसर से हुई थी बेटे की मौत
उज्जैन के जेथल निवासी दिनेश बैरागी के छोटे बेटे कपिल बैरागी की शादी वर्ष 2018 में विदिशा निवासी प्रियंका से हुई थी. शादी के करीब तीन साल बाद कपिल को पैर में कैंसर होने का पता चला. लगभग दो साल तक इलाज चलने के बाद 6 जून 2023 को उनका निधन हो गया.

बहू के भविष्य को लेकर लिया बड़ा फैसला
पति के निधन के बाद प्रियंका अपने ससुराल में ही रह रही थीं. इसी दौरान ससुर दिनेश बैरागी और सास कैलाश बाई ने बहू के भविष्य को सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया और उसका पुनर्विवाह कराने का फैसला किया. परिवार ने विदिशा निवासी गोविंद के साथ प्रियंका का रिश्ता तय किया.
ससुर ने निभाई पिता की भूमिका
भोपाल के एक रिसॉर्ट में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न हुआ. इस दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब दिनेश बैरागी ने अपनी बहू का पिता बनकर कन्यादान किया. विवाह का पूरा खर्च भी परिवार ने स्वयं उठाया.
7 लाख रुपये खर्च कर धूमधाम से कराई शादी
प्रियंका के देवर दीपक बैरागी ने बताया कि परिवार ने पहले ही तय कर लिया था कि भाभी का जीवन दोबारा बसाया जाएगा. शादी समारोह पर करीब 7 लाख रुपये खर्च किए गए. लगभग 400 मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई. साथ ही नवदंपती को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया.
‘बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा किया’
प्रियंका के ससुर दिनेश बैरागी ने कहा कि उन्होंने अपनी बहू का भविष्य अंधकारमय नहीं होने देने का संकल्प लिया था. उन्होंने कहा, “बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा किया.” वहीं, प्रियंका के पिता रामबाबू ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी को ससुराल में इतना सम्मान मिलेगा. उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया.
यह भी पढ़ें : MP News: लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त का इंतजार, जानिए कब आ सकती है राशि और कैसे चेक करें अपना नाम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
