MP News: मध्य प्रदेश में ई-अटेंडेंस पर सरकार का सख्त रुख, शिक्षक संगठनों ने वेतन कटौती के प्रावधान पर उठाए सवाल
MP News: मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग की ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर सरकार और शिक्षक संगठनों के बीच मतभेद जारी हैं. सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि शिक्षक संगठन इसके क्रियान्वयन के तरीके और वेतन कटौती जैसे प्रावधानों पर आपत्ति जता रहे हैं.
ई-अटेंडेंस में नहीं होनी चाहिए दिक्कत
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक दिनभर मोबाइल का उपयोग करते हैं, इसलिए ई-अटेंडेंस दर्ज करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहां सरकार समाधान पर काम कर रही है और तकनीकी कारणों से किसी शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होगा, मंत्री के अनुसार, हाल के दिनों में करीब एक हजार स्थानों पर नेटवर्क संबंधी दिक्कतें सामने आई थीं, लेकिन उन स्थानों पर कार्यरत किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा गया. सरकार का कहना है कि तकनीकी बाधाओं को ध्यान में रखते हुए ही कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षक संगठनों ने जताई आपत्ति
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने ई-अटेंडेंस से जुड़े आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए वेतन कटौती और संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रावधान को वापस लेने की मांग की है. संगठन का कहना है कि विभाग के अनुसार अधिकांश विद्यालयों में ई-अटेंडेंस सफलतापूर्वक दर्ज हो रही है, इसलिए तकनीकी समस्याओं का खामियाजा शिक्षकों को नहीं भुगतना चाहिए.
निजी मोबाइल और इंटरनेट पर भी मांगी नीति
शिक्षक संगठनों का कहना है कि वे ई-अटेंडेंस के विरोध में नहीं हैं, लेकिन सरकार को शिक्षकों के निजी मोबाइल, इंटरनेट और सिम के उपयोग को लेकर स्पष्ट नीति बनानी चाहिए. उनका तर्क है कि शिक्षक कई प्रशासनिक और शासकीय दायित्वों के चलते विद्यालय परिसर से बाहर भी रहते हैं, इसलिए केवल डिजिटल उपस्थिति के आधार पर गैरहाजिर मानना उचित नहीं होगा.
पात्रता परीक्षा पर भी मंत्री का बयान
स्कूल शिक्षा मंत्री ने 2005 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों की पात्रता परीक्षा के मामले पर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस विषय में न्यायालय से अनुमति मांगी गई है. यदि अदालत राहत देती है तो उसी के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा, अन्यथा नियमानुसार पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी.
यह भी पढ़ें : MP News: उमरिया में विधायक मीना सिंह के बयान पर विवाद, ‘भारत माता की जय’ और लाड़ली बहना योजना को लेकर सियासत तेज
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
