MP News: मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप तेज, 42 जिलों में अलर्ट जारी; नौतपा के साथ और बढ़ेगी गर्मी
MP News: मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के अधिकांश संभागों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 22 मई से 28 मई के बीच तेज गर्म हवाएं चलने और पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू की आशंका जताई है।
छतरपुर में 46 डिग्री पहुंचा पारा
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में तापमान 42 डिग्री, जबकि इंदौर में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। वहीं पचमढ़ी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
42 जिलों में लू का अलर्ट
शनिवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है।
• टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
• ग्वालियर समेत 21 जिलों में भीषण लू की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी है।
• भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, बुरहानपुर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
नौतपा के साथ और बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 मई तक तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है और प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।
यह भी पढ़ें : MP News: ग्वालियर में दर्दनाक घटना, पत्नी की मौत के 2 दिन बाद पति ने भी लगाई फांसी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
