MP News: कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद वाले बयान पर जताया खेद, बोले- कांग्रेस ने बात को गलत तरीके से उठाया
MP News: कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई पेश की है. उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि कांग्रेस ने उनके बयान को गलत तरीके से उठाया है. विजयवर्गीय ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड में कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जहां उन्होंने पार्षद संध्या यादव को लेकर कुछ शब्द कहे थे. उन्होंने कहा कि संध्या यादव उनकी बेटी जैसी हैं और उन्होंने उन्हें बचपन में अपनी गोद में खिलाया है.

बोले, न उनके मन में कुछ है न मेरे मन में
कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि संध्या यादव को लेकर उनके मन में किसी तरह की गलत भावना नहीं है और न ही उनके मन में कुछ है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस बात को मुद्दा बनाया और मीडिया में भी इसे जगह मिली. विजयवर्गीय के मुताबिक, इस पूरे मामले के कारण वह खुद दुखी हैं और उनकी बेटी संध्या जी भी दुखी हैं. उन्होंने इस मामले में खेद भी प्रकट किया.

महिला पार्षद को लेकर क्या कहा था
दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 6 में 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के कार्यक्रम में पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि, “दीदी की भी चौड़ाई बढ़ गई है थोड़ी सी.” बयान के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई.
कांग्रेस नेताओं ने जताई थी आपत्ति
विजयवर्गीय के बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई थी. कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने इसे निंदनीय बताते हुए महिला पार्षद के शरीर को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल उठाया था. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था और कहा था कि सार्वजनिक मंच से बोलते समय सावधानी रखनी चाहिए. वहीं, कांग्रेस नेता अभिनव बारोलिया ने इस टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग की थी.
वीडियो जारी कर जताया खेद
विवाद बढ़ने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने अपना पक्ष सामने रखा. उन्होंने कहा कि संध्या यादव उनके लिए बेटी जैसी हैं और उनके बीच किसी तरह की गलत भावना नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने उनकी बात को गलत तरीके से उठाया, जिसके बाद मीडिया में भी इसे स्थान मिला. पूरे मामले को लेकर उन्होंने दुख जताते हुए खेद प्रकट किया है.
यह भी पढ़ें : MP News: पुलिसकर्मियों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल के 24 नए नियम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










