MP News: सतना-चित्रकूट में मूसलाधार बारिश का असर, मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट
MP News: सतना के तराई इलाके और उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगातार हो रही तेज बारिश का असर मंदाकिनी नदी पर दिखाई दे रहा है. नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण सोमवार सुबह तक चित्रकूट के रामघाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गईं. अब नदी का पानी घाट के किनारे बनी दुकानों तक पहुंचने लगा है, जिसके बाद दुकानदार अपना सामान सुरक्षित जगहों पर ले जा रहे हैं.

रामघाट पर प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. रामघाट के आसपास मौजूद दुकानदारों से दुकानें खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है. घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और लोगों को नदी तथा घाट के नजदीक जाने से रोका जा रहा है. प्रशासन लगातार जलस्तर की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

SDRF की टीम रामघाट में तैनात
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रामघाट में SDRF की टीम तैनात कर दी गई है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारी नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो मंदाकिनी नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है.
सतना में भी सुबह से बारिश का दौर
उधर, सतना जिले में भी सोमवार सुबह से सावन की झड़ी लगी हुई है. जिला मुख्यालय में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी है. लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है. बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अगले 24 घंटे बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सतना के कुछ इलाकों में तेज, जबकि कई स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. सावन के 16 दिनों में सतना जिले में करीब 4 इंच बारिश दर्ज की गई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से सतना सहित पूरे रीवा संभाग में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
यह भी पढ़ें : MP News: पटेरा स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्राचार्य ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, वीडियो वायरल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
