Ratlam News: रतलाम सड़क हादसा: ओवरलोड ऑटो पलटने से बालिका की मौत, 6 घायल
Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र के सकरावदा गांव में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ओवरलोड ऑटो पलटने से 15 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।

क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारियां
जानकारी के अनुसार ऑटो (MP 43 K 2267) फूफीरुंडी गांव से मजदूरों को लेकर सैलाना की ओर जा रहा था। वाहन में क्षमता से अधिक करीब 25 से 30 मजदूर सवार थे। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण सकरावदा के इमली चौक के पास मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। 15 वर्षीय कविता (पिता सूरज खराड़ी) की मौके पर ही दबकर मौत हो गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 3 घायलों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कालीबाई और रेखा का इलाज सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि इस ऑटो पर दो दिन पहले ही ओवरलोडिंग के मामले में 15 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद चालक ने नियमों की अनदेखी की और यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हादसों से सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इससे पहले भी 2 मई को पिपलौदा थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिर गई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे, लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा कार्रवाई के बावजूद ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है, जिससे ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें : MP News: MP में ईंधन बचत की बड़ी पहल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने घटाया काफिला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
