Rewa News: रीवा में जलभराव पर सियासत तेज, महापौर ने बताई वजह तो भाजपा ने पूछे सवाल
Rewa News: रीवा शहर में बारिश के साथ जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आई है. इस बार महज 12 घंटे की बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया. जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने के बीच महापौर अजय मिश्रा बाबा ने जलभराव की वजहों पर अपनी बात रखी और पुरानी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए.

2016 की बाढ़ के बाद बनी थी योजना
महापौर के मुताबिक, साल 2016 की बाढ़ के बाद शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मॉनिटरिंग कमेटी बनाई गई थी. सर्वे के दौरान जल निकासी के रास्तों और संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया गया था. उनका कहना है कि कई स्थानों पर नालों का निर्माण प्रस्तावित होने के बावजूद अपेक्षित काम नहीं हो पाया, जिसके कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो रही है.
विकास कार्यों से भी प्रभावित हुआ जल प्रवाह
महापौर ने शहर में जल निकासी को प्रभावित करने वाले कई कारणों का जिक्र किया. उन्होंने नदी के रेड जोन, पुल-पुलियों के कारण जल प्रवाह के संकरे होने और रिंग रोड निर्माण के प्रभाव को भी जलभराव से जोड़कर देखा. उनके अनुसार, इन कारणों से कई ऐसे इलाकों में भी पानी भर गया, जहां पहले इस तरह की स्थिति कम देखने को मिलती थी.
भाजपा ने महापौर से पूछा सवाल
जलभराव के मुद्दे पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने महापौर पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से नगर निगम कांग्रेस महापौर के नेतृत्व में है. ऐसे में महापौर को यह बताना चाहिए कि इस दौरान जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए क्या ठोस काम किए गए. भाजपा ने जलभराव के लिए राज्य सरकार और डिप्टी सीएम को जिम्मेदार ठहराने पर भी सवाल उठाया.
डिप्टी सीएम ने बताई दूसरी वजह
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि बेलहा और कोष्टा सहित कई क्षेत्रों का पानी अमहिया और फूलमती नालों के जरिए निकलता है. प्लाटिंग और निर्माण के कारण इन नालों का विकास जरूरत के मुताबिक नहीं हो पाया और अवरोध के चलते पानी की निकासी प्रभावित होती है. उन्होंने कहा कि बीहर नदी का जलस्तर बढ़ने से भी शहर के पानी की निकासी प्रभावित होती है. डिप्टी सीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत राशि देने की बात कही.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में बाइक में छिपा था जहरीला सांप, स्टार्ट करते ही युवक को डसा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
