Rewa News: रीवा में 1.10 करोड़ की फर्जी रजिस्ट्री का खेल, यूपी के डॉक्टर से जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा से जमीन की खरीद-फरोख्त में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस बार मामला सिर्फ फर्जी खरीदार या विक्रेता का नहीं, बल्कि पूरी फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर करोड़ों की ठगी करने का है। उत्तर प्रदेश के एक डॉक्टर से 1 करोड़ 10 लाख रुपए लेकर उन्हें ऐसी जमीन की रजिस्ट्री थमा दी गई, जो रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं थी।
रीवा में घर बनाने का था सपना
प्रयागराज निवासी डॉक्टर मनोज कुमार सिंह रीवा में अपना घर बनाना चाहते थे। जमीन की तलाश के दौरान उनके साले और प्रॉपर्टी डीलरों के माध्यम से उन्हें कई प्लॉट दिखाए गए। पहले सोनौरा में एक प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने रघुनाथगंज में प्राइम लोकेशन की जमीन दिखाकर दूसरी डील कर दी।

1.10 करोड़ लेकर थमा दी फर्जी रजिस्ट्री
आरोप है कि राहुल सिंह, विकास सिंह और उनके साथियों ने सुनियोजित तरीके से डॉक्टर को झांसे में लिया। रघुनाथगंज की जमीन के नाम पर 1 करोड़ 10 लाख रुपए लेकर रजिस्ट्री भी कराई गई, लेकिन बाद में पता चला कि पूरी रजिस्ट्री फर्जी थी और संबंधित जमीन का रिकॉर्ड ही सरकारी दस्तावेजों में मौजूद नहीं था।
नामांतरण के दौरान खुली पूरी पोल
फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब डॉक्टर ने खरीदी गई जमीन का नामांतरण कराने के लिए पटवारी को दस्तावेज दिए। जांच में सामने आया कि रजिस्ट्री में दर्ज खसरा नंबर, भूमि का रकबा और भूमि स्वामी का विवरण रिकॉर्ड से मेल ही नहीं खाता। इसके बाद डॉक्टर को एहसास हुआ कि उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी हुई है।
हूबहू असली जैसी बनाई गई फर्जी रजिस्ट्री
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने ऐसी ई-रजिस्ट्री तैयार की जो बिल्कुल असली दस्तावेज जैसी दिखाई देती थी। जांच में पता चला कि जिस ई-रजिस्ट्री नंबर का उल्लेख किया गया था, वह सरकारी रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं है। दस्तावेज में कई जानकारियां सही थीं, लेकिन रजिस्ट्री नंबर और जमीन का विवरण पूरी तरह फर्जी निकला।
आईजी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित डॉक्टर ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से पुलिस महानिरीक्षक, रीवा से शिकायत कर पूरे मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही 1 करोड़ 10 लाख रुपए की ठगी गई राशि वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है। अब इस हाई-प्रोफाइल जमीन घोटाले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
यह भी पढ़ें : MP News: इंदौर का वायरल ‘समोसा ट्रेन’ मामला, रेलवे ने बताया आखिर क्यों रुकी थी मालगाड़ी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
