Rewa News: संतों और धर्माचार्यों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, ब्राह्मण समाज ने थाने में सौंपा आवेदन
Rewa News: रीवा में सोशल मीडिया पर संतों और धर्माचार्यों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला सामने आया है. इसे लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. शनिवार को समाज के प्रतिनिधि सिविल लाइन थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के नाम लिखित आवेदन सौंपा. आवेदन में विवेक कोल नाम के व्यक्ति की फेसबुक आईडी से की गई पोस्ट और टिप्पणियों की जांच कराने की मांग की गई है.
फेसबुक आईडी से लगातार टिप्पणी करने का आरोप
समाज के पदाधिकारी आशीष तिवारी और सतीश चौबे ने आरोप लगाया कि विवेक कोल नाम की फेसबुक आईडी से ब्राह्मण समाज और सनातन धर्म को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं. उनका कहना है कि इस तरह की पोस्ट से समाज के लोगों में नाराजगी है और धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं.
कई संतों को लेकर पोस्ट का दावा
पदाधिकारियों के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे संबंधित फेसबुक आईडी से संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, प्रेमानंद महाराज और जगद्गुरु रामभद्राचार्य के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियां की गईं. आरोप है कि पोस्ट में इन धर्माचार्यों की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया गया था. इसी मामले को लेकर समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कराने का आग्रह किया है, आशीष तिवारी और सतीश चौबे ने कहा कि सोशल मीडिया पर धर्म और संतों को लेकर इस तरह की टिप्पणियां अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव पैदा कर सकती हैं. उनका आरोप है कि संबंधित फेसबुक आईडी से बार-बार ऐसी सामग्री साझा की जा रही है. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर संभावित विवाद को रोकने की मांग की है.
फेसबुक अकाउंट की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस को सौंपे आवेदन में संबंधित फेसबुक आईडी की जांच कराने, पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने और आपत्तिजनक सामग्री की सत्यता की पड़ताल करने की मांग की है. उनका कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. शिकायत के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. आवेदन सौंपने वालों में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश सचिव सतीश चौबे, आशीष तिवारी, जिला अध्यक्ष अनुनय मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : Rewa News: मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का होगा विस्तार, विकसित होगी अफ्रीकन सफारी और विंध्य वन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: संतों और धर्माचार्यों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, ब्राह्मण समाज ने थाने में सौंपा आवेदन”